ब्यूरो तुर्रम सिंह
सकीट/एटा। शारदीय नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही नगर के देवी जी मंदिर में भक्ति,श्रद्धा और आस्था का अनुपम संगम देखने को मिल रहा है।वार्ष्णेय समाज की ओर से मंदिर में परंपरानुसार नौ दिनों तक मां दुर्गा की अखंड ज्योति प्रज्वलित की जा रही है। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है,पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है।
शारदीय नवरात्र के पहले दिन वार्ष्णेय समाज के सचिन वार्ष्णेय ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर अखंड ज्योति प्रज्वलित की और मां दुर्गा की आराधना की। उन्होंने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए माता रानी से आशीर्वाद मांगा। अखंड ज्योति के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना जारी है।
नवरात्र के नौ दिनों तक मंदिर में प्रतिदिन सुबह-शाम पूजा-अर्चना,आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। मां के जयकारों और भक्ति गीतों से मंदिर परिसर गुंजायमान हो रहा है। श्रद्धालु माता रानी के दर्शन कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं। पर्व को लेकर महिलाओं और युवाओं में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है।
मंदिर के पुजारी संजू ने बताया कि देवी मंदिर में यह धार्मिक आयोजन प्रतिवर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाता है। इसका उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में सांस्कृतिक परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना है।
बता दें कि शारदीय नवरात्र से सकीट में धार्मिक उल्लास का माहौल है।देवी जी मंदिर में प्रज्वलित अखंड ज्योति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और मां दुर्गा के प्रति समर्पण का प्रतीक बनी हुई है।