संचारी रोगों की रोकथाम को 1 अक्टूबर से चलेगा विशेष अभियान
12 से 31 अक्टूबर तक घर-घर दस्तक,संभावित मरीजों की पहचान के साथ जागरूकता पर रहेगा जोर
ब्यूरो तुर्रम सिंह
एटा। जिले में संचारी रोगों की रोकथाम और प्रभावी नियंत्रण के लिए 1 से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। वहीं 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग और अन्य फ्रंटलाइन कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगे और संभावित रोगियों की पहचान कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जाएगा।
जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली के निर्देश पर संचालित होने वाले अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता, जलभराव की रोकथाम,मच्छरों के प्रजनन पर नियंत्रण,स्वच्छ पेयजल और रोगों की समय से पहचान और उपचार पर विशेष जोर दिया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग अभियान की प्रमुख गतिविधियों का समन्वय करेगा।आशा,एएनएम,स्वास्थ्य कर्मियों और अन्य फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं द्वारा लोगों को बुखार,मलेरिया,डेंगू,चिकनगुनिया और जापानी इंसेफेलाइटिस/एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम आदि से संबंधित लक्षणों,बचाव और उपचार की जानकारी दी जाएगी। संभावित मामलों की समय से पहचान,जांच और उपचार के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को सक्रिय रखा जाएगा।
दस्तक अभियान के दौरान स्वास्थ्य एवं संबंधित विभागों के कार्यकर्ता घर-घर जाकर परिवारों से संपर्क करेंगे। इस दौरान बुखार अथवा अन्य संभावित लक्षण वाले व्यक्तियों की जानकारी लेकर उन्हें आवश्यक जांच एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जाएगा। साथ ही मच्छरजनित एवं अन्य संचारी रोगों से बचाव के उपायों के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा।
अभियान के दौरान ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में नालियों की सफाई,जलभराव का निस्तारण,कूड़े-कचरे की नियमित सफाई,मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने और आवश्यकता के अनुसार फॉगिंग एवं एंटी लार्वा गतिविधियां संचालित की जाएंगी। लोगों को घरों के आसपास पानी जमा न होने देने और कूलर एवं अन्य पात्रों में जमा पानी नियमित रूप से बदलने के लिए भी जागरूक किया जाएगा।
अभियान में स्वास्थ्य विभाग के अलावा पंचायती राज, ग्राम्य विकास, नगर निकाय, शिक्षा, पशुपालन, कृषि, महिला एवं बाल विकास विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों की सहभागिता रहेगी। विभागवार निर्धारित गतिविधियों की नियमित समीक्षा और अनुश्रवण किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र ने संबंधित विभागों एवं खंड विकास अधिकारियों को माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य करने तथा स्वच्छता एवं जनस्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने जनपदवासियों से घरों एवं आसपास साफ-सफाई रखने, पानी जमा न होने देने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने तथा बुखार या अन्य संदिग्ध लक्षण होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच एवं उपचार कराने की अपील की है। साथ ही घर-घर पहुंचने वाले स्वास्थ्य कर्मियों एवं फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं को आवश्यक सहयोग देने का आह्वान किया है।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने स्वच्छ एटा,स्वस्थ एटा के संकल्प के साथ संचारी रोगों की रोकथाम में जनसहभागिता की अपील की है।