ब्यूरो तुर्रम सिंह
एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ जलेसर और सदर तहसील प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है,लेकिन अलीगंज तहसील क्षेत्र में अब भी अवैध खनन का खेल जारी रहने से प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।थाना अलीगंज क्षेत्र के हात्सारी मार्ग पर रात के समय मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के संचालन के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन और परिवहन हो रहा है,लेकिन संबंधित विभाग कार्रवाई करने के बजाय मौन साधे हुए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जलेसर और सदर तहसील प्रशासन द्वारा लगातार छापेमारी कर अवैध खनन में लगे वाहनों को पकड़ा जा रहा है,जबकि अलीगंज क्षेत्र में ऐसी कोई प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही।लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर अलीगंज तहसील प्रशासन अवैध खनन के मामलों में सख्ती क्यों नहीं दिखा रहा।
ग्रामीणों के मुताबिक अवैध खनन से कृषि भूमि को नुकसान पहुंच रहा है और भारी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के आवागमन से सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं। इसके साथ ही सरकार को राजस्व हानि होने की बात भी सामने आ रही है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अलीगंज क्षेत्र में भी जलेसर और सदर की तरह सख्त अभियान चलाकर अवैध खनन पर रोक लगाई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।