बुक डिपो संचालकों पर गंभीर आरोप,गरीब छात्रों को नहीं मिल रहीं पूरी किताबें,पूर्व सभासद विजय गिरी ने की कार्यवाही की मांग
बुक डिपो संचालकों पर गंभीर आरोप,गरीब छात्रों को नहीं मिल रहीं पूरी किताबें,पूर्व सभासद विजय गिरी ने की कार्यवाही की मांग

11 Apr 2026 |   26



योगेन्द्र प्रताप सिंह 

जलेसर,एटा।जलेसर के पूर्व सभासद विजय गिरी ने जिले के बुक डिपो संचालकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से कड़ी कार्यवाही की मांग की है।गिरी ने आरोप लगाया है कि सरकारी योजनाओं के तहत गरीब विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाने वाली किताबें उन्हें नहीं दी जा रहीं, बल्कि बुक डिपो संचालक मनमानी कर आर्थिक लाभ कमाने में लगे हैं।

इस संबंध में विजय गिरी ने जिलाधिकारी और जलेसर उपजिलाधिकारी को एक पत्र भेजकर कहा है कि शासन की मंशा के विपरीत जलेसर सहित पूरे जनपद में बुक डिपो संचालित हो रहे हैं। सरकारी नीति के अनुसार गरीब छात्रों को निशुल्क अथवा रियायती दरों पर पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराई जानी चाहिए,लेकिन हकीकत में दुकानदार केवल आंशिक किताबें देकर या पूरा कोर्स न देकर अभिभावकों से पैसे वसूल रहे हैं।कई मामलों में यदि अभिभावक पूरी कोर्स की किताबें मांगते हैं तो उन्हें टाल दिया जाता है या दबाव बनाया जाता है। इतना ही नहीं, कुछ स्थानों पर विद्यालयों और बुक डीलरों की मिलीभगत से इस व्यवस्था को संचालित किया जा रहा है, जिससे गरीब छात्रों की शिक्षा प्रभावित हो रही है।

विजय गिरी ने मांग की है कि जिले के सभी बुक डिपो की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि पात्र विद्यार्थियों को शासन की मंशा के अनुरूप पूरी पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध हों।गिरी ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है।

बताया गया है कि इस शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री कार्यालय एवं शिक्षा मंत्री,सरकार सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है। बता दें कि यह मामला शिक्षा क्षेत्र में हो रही अनियमितताओं को उजागर करता है, जिस पर अब जिला प्रशासन की कार्यवाही का इंतजार किया जा रहा है।

More news