वायरल वीडियो से उठे सवाल:संगम विहार में अवैध वाहन कटान के कारोबार के आरोप
वीडियो में जुबैर के कथित बयानों से कई गंभीर दावे आए सामने,जांच और कार्रवाई की उठी मांग
ब्यूरो तुर्रम सिंह
एटा।शहर के रेलवे पुल के नीचे स्थित संगम विहार कॉलोनी में कथित अवैध वाहन कटान को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में है।वायरल वीडियो में जुबैर के कथित बयान सामने आए हैं, जिनमें वह वाहनों की खरीद,रेट और वाहन कटान से जुड़े कारोबार के संबंध में कई बातें करता सुनाई दे रहा है।
वायरल वीडियो में जुबैर कथित तौर पर वाहन खरीदने के रेट को लेकर यह दावा करता सुनाई देता है कि उसके द्वारा लगाए गए रेट से अधिक कीमत कोई नहीं दे सकता और वह पांच हजार रुपये अधिक कीमत पर वाहन खरीदने की बात कहता है। वीडियो में वह डीजल से चलने वाले वाहनों के साथ-साथ बड़े वाहनों की खरीद की बात भी करता सुनाई देता है। इन कथित बयानों ने संगम विहार में संचालित बताए जा रहे वाहन कटान के कारोबार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिवार के कई सदस्यों के शामिल होने का दावा
वायरल वीडियो में जुबैर कथित तौर पर अपने परिवार के अन्य सदस्यों के भी इस कारोबार से जुड़े होने की बात कहता सुनाई देता है। उसके कथित बयान के अनुसार परिवार की अलग-अलग दुकानों के अलावा उसके भाई और बहनोई की दुकानें भी इस कारोबार से जुड़ी हैं। वीडियो में संगम विहार क्षेत्र में ऐसी कई दुकानों का जिक्र किया गया है,जहां कथित रूप से बड़े वाहनों,यहां तक कि ट्रक और बसों को भी काटे जाने का दावा किया गया है।
यदि वायरल वीडियो के अनुसार यह मामला केवल किसी एक प्रतिष्ठान तक सीमित न रहकर संगम विहार क्षेत्र में व्यापक स्तर पर वाहन कटान के नेटवर्क की ओर संकेत कर सकता है। जुबैर के साथ आले हसन,सलीम और समीर समेत कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आ रहे हैं।
परिवहन विभाग की भूमिका पर भी सवाल
स्थानीय स्तर पर यह भी सवाल उठ रहा है कि यदि क्षेत्र में वाहनों का कटान किया जा रहा है तो संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था कहां है। परिवहन विभाग के स्तर से एटा में अधिकृत वाहन कटान केंद्र होने की स्थिति भी स्पष्ट किए जाने की आवश्यकता है। ऐसे में वायरल वीडियो सामने आने के बाद परिवहन विभाग,पुलिस,नगर प्रशासन और संबंधित अन्य विभागों द्वारा संयुक्त जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक किए जाने की मांग उठ रही है।
उच्चस्तरीय जांच की मांग
वायरल वीडियो में किए गए दावों की सत्यता,संगम विहार में संचालित दुकानों की वैधता,वहां आने वाले वाहनों के दस्तावेज,कटे वाहनों के पुर्जों की खरीद-बिक्री और संबंधित कर एवं पंजीकरण नियमों के अनुपालन की जांच होने पर ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।