ब्यूरो तुर्रम सिंह
एटा।ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर (IEML) में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में एटा के स्थानीय उत्पादों ने अपनी पहचान बनाई है। 25 से 29 सितंबर तक आयोजित ट्रेड शो में जनपद के जलेसर के पीतल उत्पादों,चिकोरी समेत अन्य स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। आगंतुकों, उद्यमियों और खरीदारों ने इन उत्पादों में रुचि दिखाई।
ट्रेड शो में एक जनपद एक उत्पाद के तहत जलेसर की बालाजी ट्रेडिंग कंपनी की ओर से पीतल उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। वहीं जलेसर के जीआई टैग से जुड़े पीतल हस्तशिल्प उत्पादों के अंतर्गत मैसर्स आर्ट मेटल वेयर द्वारा घुंघरू, घंटी, घंटा सहित अन्य उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं।
एक जनपद एक व्यंजन के तहत मैसर्स चिकोरी एंटरप्राइजेज द्वारा चिकोरी उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। उद्यमी जितेन्द्र कुमार मित्तल के अनुसार ट्रेड शो में नए उद्यमियों और खरीदारों ने चिकोरी उत्पादों में रुचि दिखाई है और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
जनपद की महिला उद्यमी संगीता मौर्य ने भी ट्रेड शो में अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। संगीता ने इसे महिला उद्यमियों के लिए नए बाजारों और संभावनाओं से जुड़ने का उपयोगी मंच बताया। वहीं मोहम्मद नईम अंसारी ने हस्तशिल्पियों को निशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराने के लिए सरकार का आभार जताते हुए कहा कि इससे जलेसर के पारंपरिक घुंघरू, घंटी और घंटा जैसे पीतल उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।
ट्रेड शो में जलेसर के पीतल उत्पादों को देखने के लिए बड़ी संख्या में आगंतुक और खरीदार पहुंचे। उत्पादों के बारे में जानकारी लेने के साथ कुछ आगंतुकों ने नमूने के तौर पर उत्पादों की खरीद भी की। वहीं राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के उद्यमियों ने चिकोरी उत्पाद के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
ट्रेड शो के चौथे दिन सोमवार को प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने एक जनपद एक व्यंजन पवेलियन का अवलोकन किया। इस दौरान एटा के उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए, जिन्होंने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया।
उपायुक्त उद्योग अर्चना कुमारी ने जनपद के उद्यमियों से अपील की है कि ट्रेड शो के अंतिम दिन मंगलवार को पहुंचकर अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन का अवलोकन करें और उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों की जानकारी प्राप्त करें।