एटा में स्वैच्छिक शस्त्र समर्पण अभियान को मिल रहा जनसमर्थन,अब तक 275 लाइसेंसधारियों ने समर्पित किए शस्त्र
तीन लाइसेंसधारियों ने डीएम एम.अरुन्मोली के समक्ष सौंपे सिंगल और डबल बैरल गन के लाइसेंस
ब्यूरो तुर्रम सिंह
एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में शांति,सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे स्वैच्छिक शस्त्र समर्पण अभियान को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।जिला प्रशासन के अनुसार अब तक 275 शस्त्र लाइसेंसधारियों ने स्वेच्छा से अपने लाइसेंस समर्पित किए हैं।
इसी क्रम में गुरुवार को तीन लाइसेंसधारियों ने जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली के समक्ष अपने शस्त्र लाइसेंस स्वेच्छा से समर्पित किए। इनमें थाना कोतवाली देहात के ग्राम मिलावली
निवासी जयपाल सिंह ने सिंगल बैरल गन का लाइसेंस, थाना बागवाला के शाहपुर निवासी जयवीर सिंह ने डबल बैरल गन का लाइसेंस और दिनेश नगर थाना कोतवाली नगर निवासी आलोक सक्सेना ने डबल बैरल गन का लाइसेंस समर्पित किया।
डीएम एम. अरुन्मोली ने कहा कि जिन नागरिकों को अब शस्त्र रखने की आवश्यकता महसूस नहीं होती,वे स्वेच्छा से अपने शस्त्र लाइसेंस समर्पित करने के लिए आगे आ सकते हैं। इच्छुक लाइसेंसधारियों को समर्पण प्रक्रिया के संबंध में शस्त्र लिपिक मोहित के मोबाइल नंबर 7300978443 पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध है। प्राप्त प्रकरणों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
डीएम एम. अरुन्मोली ने कहा कि शस्त्र लाइसेंस का स्वैच्छिक समर्पण सामाजिक जिम्मेदारी,कानून के प्रति सम्मान और प्रशासन के प्रति विश्वास को दर्शाता है। डीएम ने जनपदवासियों से अपील की कि जिन लाइसेंसधारियों को अब शस्त्र रखने की आवश्यकता नहीं है, वे इस पहल में सहभागी बनें। प्रशासन का उद्देश्य जनसहयोग से एटा में सुरक्षित, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण को और मजबूत बनाना है।