मिशन शक्ति के तहत छात्रा नंदनी गुप्ता बनीं एक दिन की प्रभागीय वनाधिकारी
मिशन शक्ति के तहत छात्रा नंदनी गुप्ता बनीं एक दिन की प्रभागीय वनाधिकारी

22 Oct 2026 |   24



मिशन शक्ति के तहत छात्रा नंदनी गुप्ता बनीं एक दिन की प्रभागीय वनाधिकारी

वन विभाग की कार्यप्रणाली से हुईं रूबरू,पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

ब्यूरो तुर्रम सिंह 

एटा।योगी सरकार की मिशन शक्ति योजना के तहत बालिकाओं का उत्साहवर्धन करने और उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की 11वीं की छात्रा कुमारी नंदनी गुप्ता को एक दिन के लिए प्रभागीय निदेशक,सामाजिक वानिकी प्रभाग‌ के पद पर कार्य करने का अवसर प्रदान किया गया। इस दौरान उन्हें वन विभाग के विभिन्न कार्यों एवं जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।

प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग विपिन वर्मा ने छात्रा को वृक्षारोपण अभियान,पौधों के संरक्षण और विभाग की अन्य गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्हें विभागीय नर्सरियों में ले जाकर पौधों के रखरखाव की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही विभिन्न वृक्षारोपण स्थलों का भ्रमण कराकर पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय वन अधिकारियों ने वन्यजीवों के बचाव और मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति में अपनाए जाने वाले उपायों की जानकारी दी। वन विभाग की ओर से एटा और अलीगंज रेंज के अंतर्गत स्नेक किट भी आवंटित की गईं, जिससे सांपों से संबंधित आपात स्थितियों में बचाव कार्यों को प्रभावी बनाया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान छात्रा नंदनी गुप्ता ने प्रभागीय कार्यालय परिसर में नीम और आम के पौधे रोपित किए। उन्होंने पौधरोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जनपदवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।

मिशन शक्ति के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। विभागीय कार्यों का प्रत्यक्ष अनुभव मिलने से छात्रा को वन संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और प्रशासनिक जिम्मेदारियों को समझने का अवसर मिला।

More news