ब्यूरो तुर्रम सिंह
सकीट/एटा। ब्लॉक क्षेत्र के मलावन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में आसपास के गांवों से पहुंचे 76 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाएं वितरित की गईं। इनमें अधिकांश मरीज मौसमी बीमारियों से पीड़ित पाए गए।
मेले में चिकित्सक डॉ. अभिषेक मीनावत और फार्मासिस्ट अनुराग ने मरीजों की जांच की।बुखार,खांसी-जुकाम,पेट दर्द, उल्टी-दस्त,ब्लड प्रेशर,मधुमेह,एनीमिया और त्वचा संबंधी समस्याओं से परेशान मरीजों को उपचार और परामर्श दिया गया। साथ ही उन्हें बीमारियों से बचाव और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सावधानियों की जानकारी भी दी गई।
एमओआईसी डॉ. शिव कुमार राजपूत ने बताया कि शासन के निर्देश पर प्रत्येक रविवार को स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले आयोजित किए जाते हैं। इनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक ही जांच, उपचार, चिकित्सकीय परामर्श और निशुल्क दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए उन्हें दूर स्थित अस्पतालों तक न जाना पड़े।