ब्यूरो तुर्रम सिंह
एटा। मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम फेज-3 के प्रभावी संचालन को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई।बैठक में जनपद के चयनित 200 विद्यालयों में सुरक्षा संबंधी गतिविधियां संचालित किए जाने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को विभिन्न आपदाओं और आपातकालीन परिस्थितियों से बचाव के प्रति जागरूक करना और विद्यालयों में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को चयनित सभी विद्यालयों में निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार कार्यक्रम की गतिविधियां समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संचालित कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के तहत विद्यालयों में अग्नि सुरक्षा,भूकंप, आकाशीय बिजली,बाढ़ और जलभराव जैसी आपदाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।साथ ही आपातकालीन प्रतिक्रिया और सुरक्षित निकासी के संबंध में विद्यार्थियों और शिक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ आवश्यकता के अनुसार मॉक ड्रिल,जागरूकता कार्यक्रम और प्रशिक्षण गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी, ताकि आपात स्थिति में छात्र-छात्राएं और विद्यालय स्टाफ त्वरित और सुरक्षित कार्रवाई कर सकें।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने और प्रत्येक चयनित विद्यालय में सुरक्षा संबंधी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) चंद्र प्रकाश पाठक, डीसी मनोज यादव, 43वीं वाहिनी पीएसी, क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तथा जिला आपदा विशेषज्ञ राणा प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।