ब्यूरो तुर्रम सिंह
एटा।वीरांगना अवन्तीबाई लोधी ऑटोनोमस स्टेट मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय को डीएनबी पीजी पाठ्यक्रम के तहत 10 सीटों की स्वीकृति मिली है।कॉलेज प्रशासन के अनुसार यह उपलब्धि प्राचार्य डॉक्टर बलवीर सिंह के निरंतर प्रयासों और मार्गदर्शन का परिणाम है।इन सीटों पर इसी शैक्षणिक सत्र 2026 से नीट पीजी के माध्यम से प्रवेश की प्रक्रिया होगी।
गत माह नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज नई दिल्ली की विशेषज्ञ टीम ने मेडिकल कॉलेज और संबद्ध चिकित्सालय का निरीक्षण किया था। इस दौरान टीम ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं,मरीजों के उपचार, विभागीय व्यवस्थाओं,चिकित्सकीय संसाधनों,आधारभूत सुविधाओं और शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया।निर्धारित मानकों के मूल्यांकन के बाद मेडिसिन विभाग में चार,पीडियाट्रिक्स में चार और नेत्र रोग विभाग में दो।यानी कुल 10 डीएनबी पीजी सीटों को मंजूरी प्रदान की गई है।
प्राचार्य डॉक्टर बलवीर सिंह ने कहा कि डीएनबी पीजी की 10 सीटों की स्वीकृति मेडिकल कॉलेज के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।इससे संस्थान की शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से एटा और आसपास के जनपदों के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन का प्रयास है कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण के लिए आवश्यक सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जाए।
प्राचार्य डॉक्टर बलवीर सिंह ने इस उपलब्धि के लिए डीएनबी की प्रभारी अधिकारी डॉक्टर मंजरी कुमारी सहित सभी संबंधित विभागाध्यक्षों,चिकित्सकों,शिक्षकों,नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारियों के योगदान की सराहना की।
कॉलेज प्रशासन ने डीएनबी पीजी सीटों की स्वीकृति को संस्थान की शैक्षणिक प्रगति के साथ क्षेत्र में विशेषज्ञ एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।