डॉ.हिमांशु उपाध्याय ने निःशुल्क जटिल सर्जरी कर पेश की मानवता की मिसाल
डॉ.हिमांशु उपाध्याय ने निःशुल्क जटिल सर्जरी कर पेश की मानवता की मिसाल

20 Nov 2026 |   22



डॉ.हिमांशु उपाध्याय ने निःशुल्क जटिल सर्जरी कर पेश की मानवता की मिसाल

पांच घंटे तक चली जबड़े की जटिल सर्जरी सफल,कूल्हे की हड्डी से किया जबड़े का पुनर्निर्माण,ऑपरेशन सहित पूरा उपचार निःशुल्क

ब्यूरो तुर्रम सिंह 

एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में मानवता और सेवा भाव की मिसाल पेश करते हुए डॉ. हिमांशु उपाध्याय ने एक जरूरतमंद परिवार की बेटी की जटिल सर्जरी और संपूर्ण उपचार निःशुल्क कराकर सराहनीय पहल की है। आर्थिक तंगी के चलते गंभीर बीमारी का उपचार कराने में असमर्थ परिवार की परेशानी को समझते हुए चिकित्सक ने बिना कोई शुल्क लिए उपचार की जिम्मेदारी उठाई।

जानकारी के अनुसार एटा के आगरा रोड स्थित शास्त्री नगर निवासी तनु कश्यप निचले जबड़े के पिंडबर्ग ट्यूमर की गंभीर समस्या से पीड़ित थीं। बीमारी के उपचार में आने वाले भारी खर्च के कारण परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा था। ऐसे में डॉ. हिमांशु उपाध्याय ने परिवार की पीड़ा को समझते हुए तनु की जटिल सर्जरी करने के साथ ही पूरा उपचार निःशुल्क करने का निर्णय लिया।

डॉ. हिमांशु उपाध्याय और उनकी टीम ने करीब पांच घंटे तक चली जटिल सर्जरी में जबड़े के संक्रमित हिस्से को हटाया। इसके बाद कूल्हे की हड्डी लेकर जबड़े का पुनर्निर्माण और प्रत्यारोपण किया गया। परिजनों के अनुसार सर्जरी पूरी तरह सफल रही। इस प्रकार की जटिल सर्जरी सामान्यतः एम्स और बड़े चिकित्सा संस्थानों में की जाती है। निजी अस्पतालों में इस सर्जरी और उपचार पर चार लाख रुपये से अधिक का खर्च आने की संभावना रहती है, लेकिन डॉ. उपाध्याय ने पूरा उपचार बिना किसी शुल्क के किया।

तनु के परिजनों ने डॉ. हिमांशु उपाध्याय और उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उनके लिए बेटी का इतना महंगा उपचार कराना संभव नहीं था। ऐसे कठिन समय में डॉ. हिमांशु उपाध्याय उनके लिए भगवान बनकर आए। आज उनकी वजह से ही बेटी का उपचार संभव हो सका है। परिवार ने कहा कि चिकित्सक के इस सहयोग के लिए उनके पास आभार व्यक्त करने के लिए शब्द भी कम पड़ रहे हैं।

इस जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली टीम में डॉ. हिमांशु उपाध्याय के साथ डॉ. गौरव माथुर, डॉ. मनीष अग्रवाल और डॉ. देवा श्री शामिल रहे। वहीं सहायक चिकित्साकर्मियों में धर्मपाल, गोपाल, रेखा, आकाश, अंकित और प्रांशु ने सहयोग किया।

डॉ. हिमांशु उपाध्याय की इस पहल ने चिकित्सा सेवा में संवेदनशीलता, मानवीयता और जरूरतमंदों की सहायता के महत्व को एक बार फिर उजागर किया है।

More news