ब्लैक स्पॉट और अवैध कट तत्काल बंद कराएं, सड़क दुर्घटनाओं पर लगेगी लगाम: डीएम
ब्लैक स्पॉट और अवैध कट तत्काल बंद कराएं, सड़क दुर्घटनाओं पर लगेगी लगाम: डीएम

05 Nov 2026 |   25



ब्यूरो तुर्रम सिंह 

एटा। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट का प्राथमिकता से सुधार कराने और सड़कों पर बने अवैध कट तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने स्पष्ट किया कि स्थायी व्यवस्था में देरी होने पर अस्थायी उपायों से भी अवैध कट पूरी तरह बंद कराए जाएं, ताकि सड़क पार करते समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं गड्ढामुक्ति अभियान की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम एम. अरुन्मोली ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। डीएम ने परिवहन विभाग की बसों को निर्धारित स्थानों पर ही खड़ा कराने तथा नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। रोडवेज बसों की व्यवस्था ठीक न रखने और कार्य में रुचि न लेने पर एआरएम रोडवेज एटा से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश भी दिए।

डीएम एम. अरुन्मोली ने एआरटीओ को ई-रिक्शा का शत-प्रतिशत चिह्नांकन कराकर उनके निर्धारित रूट शीघ्र लागू करने को कहा। साथ ही प्रमुख मार्गों और घुमावदार स्थानों पर आवश्यक संकेतक बोर्ड एवं साइनेज लगाने के निर्देश दिए, जिससे वाहन चालकों को मार्ग की स्थिति की पूर्व जानकारी मिल सके।

गड्ढामुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए डीएम एम. अरुन्मोली ने लोक निर्माण विभाग,आरईडी,जिला पंचायत, खंड विकास अधिकारियों और नगरीय निकायों के अधिकारियों को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की सड़कों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। डीजल ने कहा कि मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल इस अभियान में केवल कागजी कार्रवाई स्वीकार नहीं होगी। अधिकारी स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर सड़कों के गड्ढे, छोटे पैच और क्षतिग्रस्त हिस्सों को ठीक कराएं। कार्यों की प्रगति के साथ गुणवत्ता की निगरानी भी सुनिश्चित करें। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व चन्द्र प्रकाश पाठक, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी ललित अग्रवाल, आदर्श वर्मा, एक्सईएन जल निगम शहरी सैयद तारिक, एआरटीओ शिवम यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह, समस्त खंड विकास अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी और एआरएम रोडवेज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

More news