मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस विद्यार्थियों ने पोस्टर प्रस्तुतीकरण से दिखाई प्रतिभा
मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस विद्यार्थियों ने पोस्टर प्रस्तुतीकरण से दिखाई प्रतिभा

05 Nov 2026 |   23



ब्यूरो तुर्रम सिंह 

एटा।वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वायत्त राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में एमबीबीएस अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए पोस्टर प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस शैक्षणिक गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में चिकित्सा विषयों की गहन समझ, शोध आधारित जानकारी और प्रभावी प्रस्तुतीकरण कौशल विकसित करना रहा।

विभागाध्यक्ष डॉ. साधना सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्त्री एवं प्रसूति रोग से संबंधित विभिन्न बीमारियों, उनके कारणों, लक्षणों, जांच और आधुनिक उपचार पद्धतियों पर आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक पोस्टर प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने जटिल चिकित्सा विषयों को वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर सरल एवं प्रभावशाली ढंग से समझाया।

प्रस्तुतीकरण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेश चंद्र, उप मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मोनू यादव, डॉ. शिवम यादव, डॉ. अर्चना यादव सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं संकाय सदस्यों ने विद्यार्थियों से विषय आधारित प्रश्न पूछे। उनके विषय ज्ञान, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, संवाद क्षमता और प्रस्तुतीकरण कौशल का मूल्यांकन किया गया। यह गतिविधि विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन के आकलन के लिए फॉर्मेटिव असेसमेंट के रूप में भी आयोजित की गई।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए। विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान, तार्किक क्षमता, शोध के प्रति रुचि और प्रभावी संचार कौशल विकसित करना भी जरूरी है। ऐसी गतिविधियां भविष्य में कुशल एवं संवेदनशील चिकित्सकों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम में विभाग के समस्त संकाय सदस्य एवं एमबीबीएस विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

More news