सीटों के चक्कर में सपा कांग्रेस में दो-चार,दावेदारों के बीच अभी से रार,2027 के चुनाव में रहेगा गठबंधन
सीटों के चक्कर में सपा कांग्रेस में दो-चार,दावेदारों के बीच अभी से रार,2027 के चुनाव में रहेगा गठबंधन

15 Sep 2025 |   31



 

कानपुर। 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में 43 सीटों (सपा-37, कांग्रेस 6) पर मिली जीत को आधार बनाकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में लगी है।कुछ समय पहले लखनऊ में हुई सपा की बैठक में पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने भी महानगर में सिर्फ दो सीट इंडिया गठबंधन को देने की बात कही थी,लेकिन कांग्रेस चार सीट चाहती है।कांग्रेसी शहर की सात में तीन सीटों पर अधिक एक्टिव नजर आ रहे हैं।

कांग्रेस के पूर्व विधायक अजय कपूर का भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद किदवईनगर विधानसभा सीट अब कांग्रेस के बाकी दावेदारों के लिए खाली हो चुकी है।गोविंदनगर विधानसभा सीट भी ऐसी सीट है जहां पर दावेदारों के बीच अभी से रार होने लगी है।बीते दिनों जब कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता की तरफ से मंडल अध्यक्षों का मनोनयन किया जा रहा था तब किदवईनगर और गोविंदनगर विधानसभा को लेकर सबसे ज्यादा आपस में एक दूसरे की टांग खिंचाई की गई थी।मामला प्रदेश अध्यक्ष अजय राय तक तक पहुंच गया था।पता चला है कि जो कांग्रेसी अभी तक कल्याणपुर से दावेदारी कर रहे थे वे अब गोविंदनगर का रुख कर रहे हैं।
 

साल 2022 के विधानसभा चुनाव की बात की जाए तो कांग्रेस और सपा ने तब अलग-अलग चुनाव लड़ा था। इस बार दावेदार दोनों पार्टियों के प्रत्याशी पिछले चुनाव में मिले वोट को आधार बनाकर अपनी तैयारी कर रहे हैं,क्योंकि कल्याणपुर में सपा ने भाजपा को अच्छी टक्कर दी थी,जिससे वहां पर कांग्रेस के बजाय सपा को फिर से तरजीह देने की तैयारी है।

महाराजपुर विधानसभा की बात की जाए तो अभी पूरी तरह से स्थिति साफ नहीं है कि यहां से सपा का प्रत्याशी या कांग्रेस का प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा,लेकिन कांग्रेस ने पूरा जोर लगा रखा है।कैंट,आर्यनगर,सीसामऊ में सपा के विधायक हैं इसलिए उस पर किसी तरह की कोई चर्चा नहीं है।

कांग्रेस और सपा में 2027 के चुनाव में गठबंधन रहेगा। कांग्रेस महानगर की सात विधानसभा सीटों से कम से कम चार सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।इससे कम में समझौता नहीं करेंगे।यह अपील प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से भी की जा रही है।-पवन गुप्ता कांग्रेस महानगर अध्यक्ष

सपा नेतृत्व महानगर इकाई से जुड़ीं सभी सीटों पर अपनी तैयारी कर रहा है। राष्ट्रीय नेतृत्व से जैसा आदेश मिलेगा उसी तरह से आगे की योजना बनाई जाएगी। तीन सीटों सीसामऊ, आर्यनगर और कैंट में पहले से ही सपा के विधायक हैं। बाकी जो रिपोर्ट मांगी जाएगी उसे बनाकर दिया जाएगा। -फजल महमूद सपा महानगर अध्यक्ष
 

आइए जानें 2022 में तीन विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस सपा की स्थिति।गोविंदनगर सीट- कांग्रेस- 26267 वोट, सपा 36605 वोट-कुल वोट 62882,किदवई नगर सीट- कांग्रेस- 76351 वोट, सपा 8397 वोट-कुल वोट 84748,महराजपुर सीट- कांग्रेस-7280 वोट, सपा 70622 वोट- कुल वोट 77902

More news