एबीवीपी के बाद भाजपाइयों पर बरसीं लाठियां,कार्यकर्ता की मौत
एबीवीपी के बाद भाजपाइयों पर बरसीं लाठियां,कार्यकर्ता की मौत

11 Sep 2025 |   42



 

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश में अपनी सरकार होने का भ्रम पाले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी)के कार्यकर्ताओं ने बाराबंकी में धरना प्रदर्शन किया तो पुलिस ने जमकर लाठी बरसाई,जमीन पर गिराकर बलभर पीटा।इसके बाद कार्रवाई भी हुई और कई पुलिस वाले निलंबित कर दिए गए।इस कार्रवाई का असर पुलिस वालों पर नहीं दिखा और गाजीपुर में भाजपाइयों को उसी अंदाज में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। थाने पर शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं को बुधवार आधी रात में बिजली बंद कर लाठीचार्ज कर दी गयी। इसमें कई भाजपा कार्यकर्ता चोटिल हो गए।गुरुवार की भोर में लाठीचार्ज में घायल दिव्यांग भाजपा कार्यकर्ता सियाराम उपाध्याय की मौत हो गई।कार्यकर्ता की मौत से भाजपाइयों में जबरदस्त गुस्सा है।अपनी ही सरकार में इस तरह की पुलिस बर्बरता से आक्रोश देखा जा रहा है।

रुकुंडीपुर गांव में भाजपा कार्यकर्ता के घर सैकड़ों की संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता जुट गए।मौके पर पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय को भी लोगों का विरोध झेलना पड़ा।मृतक के पिता ने सरकार पर भरोसा जताते हुए जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।भाजपा विधायक अल्का राय के बेटे पियूष राय ने पुलिस लाठीचार्ज का वीडियो भी एक्स पर शेयर किया है। इसमें पुलिस की बर्बरता और भाजपा कार्यकर्ताओं की चीख-पुकार दिखाई और सुनाई दे रही है।

जानें क्या है मामला

नोनहरा थाना क्षेत्र के गठिया गांव में बिजली का पोल गाड़ने का लेकर विवाद था।इसमें 9 सितम्बर को एक पक्ष से राजेश राय बागी और विकास राय के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता नोनहरा थाने में धरना दे रहे थे।उनका आरोप है कि आधी रात को थाने की लाइट बंद कराकर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। प्रदर्शनकारियों की बर्बर तरीके से पिटाई की गई। पुलिस के लाठीचार्ज का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पिटाई से राजेश राय बागी,अरविंद राय,सियाराम उपाध्याय समेत कई भाजपा कार्यकर्त्ता घायल हुए थे।

एबीवीपी के बाद अब भाजपाइयों पर बरसीं लाठियां,थाने का कर रहे थे घेराव,कई चोटिल

इसमें भाजपा कार्यकर्त्ता रुकुंडीपुर निवासी 35 वर्षीय सियाराम उपाध्याय की गुरुवार भोर में मौत हो गयी। मौत की खबर लगते ही रुकन्दीपुर में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया।मृत युवक के पिता गिरिजा उपाध्याय ने बताया कि थाने पर धरने में बेटा गया हुआ था। लौट के आया तो उसे काफी चोट लगी थी। पिटाई के कारण ही उसकी मौत हो गई है। उन्होंने पूरे मामले में दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और न्याय की मांग की।

बता दें कि इस मामले में एसपी डॉक्टर ईरज राजा ने नोनहरा थानाध्यक्ष वेंकटेश तिवारी, उप निरीक्षक अवधेश कुमार राय, मुख्य आरक्षी नागेंद्र सिंह यादव, आरक्षी धीरज सिंह, आरक्षी अभिषेक पांडेय और आरक्षी राकेश कुमार को निलंबित कर दिया है। उप निरीक्षक कमलेश गुप्ता, जुल्फिकार अली, आरक्षी मुलायम सिंह, राघवेंद्र मिश्र और राजेश कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया।निरीक्षक पवन उपाध्याय को नोनहरा थाने का प्रभारी बनाया है।परिजनों की मांग पर मामले की मजिस्ट्रियल जांच का भी आदेश हो गया है।शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों का पैनल करेगा,जिसकी वीडियोग्राफी होगी।

More news