राहुल गांधी ने बूथ कार्यकर्ताओं को किया संबोधित,कहा, महाराष्ट्र-हरियाणा चुनाव में गड़बड़ी के पक्के सबूत मिले
राहुल गांधी ने बूथ कार्यकर्ताओं को किया संबोधित,कहा, महाराष्ट्र-हरियाणा चुनाव में गड़बड़ी के पक्के सबूत मिले

10 Sep 2025 |   44



 

रायबरेली।लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष रायबरेली सांसद राहुल गांधी बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर हैं।राहुल गांधी ने रायबरेली के हरचंदपुर विधानसभा सीट पर बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

राहुल गांधी ने कहा कि पहले हमें लगता था कि चुनाव परिणाम में दाल में कुछ काला है पर महाराष्ट्र और हरियाणा के विधानसभा चुनाव परिणाम देखने के बाद हमें वोट चोरी के ब्लैक एंड वाइट सबूत मिले। राहुल ने कहा कि चुनाव चोरी किए जा रहे हैं,जनता से उनका हक छीना जा रहा है।कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता बब्बर शेर हैं,हम सब संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। 

बता दें कि इसके पहले राहुल गांधी बुधवार सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे,जहां पर उनका भव्य स्वागत किया गया।इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय,कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा मोना राहुल गांधी को रिसीव करने एयरपोर्ट पहुंचे थे। एयरपोर्ट से राहुल गांधी रायबरेली के लिए निकले।लखनऊ-रायबरेली जिले की सीमा पर पड़ने वाले चुरुवा मंदिर पर राहुल गांधी का काफिला नहीं रुका। राहुल का काफिला हरचंदपुर की तरफ बढ़ गया।राहुल गांधी 10:40 पर बछरावां कस्बे के मुख्य चौराहे पर पहुंचे तो सैकड़ो की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत करते हुए बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दिए गए उनके नारे वोट चोर गद्दी छोड़ का नारा लगाया।एक मिनट से कम कस्बे के मुख्य चौराहे पर रुक कर राहुल ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद वह रायबरेली मुख्यालय की ओर रवाना हो गए।

बताते चलें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका स्वागत किया।वहीं योगी सरकार के उद्यान राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हरचंदपुर में प्राथमिक विद्यालय के पास पोस्टर बैनर के साथ राहुल गांधी वापस जाओ के नारे लगाए। इससे राजनीतिक गहमागहमी बढ़ गई है।भाजपा कार्यकर्ताओं और मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने हाईवे पर खड़े होकर राहुल गांधी वापस जाओ के नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया। दिनेश प्रताप सिंह ने पहली बार खुले तौर पर राहुल का विरोध किया है। ऐसे में 11 सितंबर को होने वाली दिशा की बैठक में गहमागहमी होने की संभावना बढ़ गई है। पुलिसकर्मियों ने उन्हें हटाने का प्रयास किया तो इस दौरान उनसे भी भाजपा कार्यकर्ताओं की धक्कामुक्की हुई।

More news