यमुना ने मचाया हाहाकार,ताज पर पानी ही पानी,डूबीं 50 काॅलोनियां,एक लाख से अधिक लोग बाढ़ से घिरे
यमुना ने मचाया हाहाकार,ताज पर पानी ही पानी,डूबीं 50 काॅलोनियां,एक लाख से अधिक लोग बाढ़ से घिरे

08 Sep 2025 |   55



 

आगरा।उत्तर प्रदेश के आगरा में यमुना नदी ने हाहाकार मचा दिया है।यमुना में आई बाढ़ से एक बार फिर 47 साल पुरानी स्थिति बन रही है।एक लाख से अधिक की आबादी बाढ़ की चपेट में है।एनडीआरएफ,एसडीआरएफ की टीमें राहत बचाव कार्य में जुटी हैं।आगरा शहर में दयालबाग से जीवनी मंडी तक और यमुना पार में टेढ़ी बगिया से कछपुरा तक 50 से अधिक कॉलोनियों,मोहल्लों में पानी भर गया है।

बता दें कि जिले के सदर,एत्मादपुर,फतेहाबाद और बाह तहसील क्षेत्र में 60 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं।पुलिस और प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सायरन बजाए,मुनादी कराकर निचले इलाकों से लोगों को निकाला जा रहा है।रविवार शाम सात बजे वाटर वर्क्स पर यमुना का जलस्तर 500.3 फीट था। यह बाढ़ के निशान से 1.3 फीट ऊपर है।
1978 में यमुना का जलस्तर 508 फीट तक पहुंच गया था। इसके बाद 2010 में यमुना का जलस्तर वाटर वर्क्स पर 499.6 फीट और 2023 में 499.3 फीट दर्ज किया गया था। 1978 के बाद आगरा में यमुना का ये सर्वाधिक जलस्तर है।

राजश्री अपार्टमेंट सहित कई कॉलोनियां बंद

दयालबाग स्थित अमर विहार में राजश्री अपार्टमेंट में पानी भर गया है।नालंदा टाउन,विकास अपार्टमेंट के अलावा खासपुर में मां गौरी टाउन डूब गया है।जगनपुर,सिकंदरपुर,मनोहरपुर, नगला तल्फी में रास्तों पर पानी है।बल्केश्वर में अनुराग नगर, लोहिया नगर में पानी भरा है।रामबाग बस्ती में बाढ़ से 50 परिवार विस्थापित हुए हैं,जिन्हें गांधी स्मारक के पास राहत शिविर में रखा गया है।मोती महल में 250 परिवार प्रभावित हैं।कैलाश मंदिर के गर्भ गृह में पानी भर गया है। यहां 15 घर भी डूबे हैं।

मोक्षधाम डूबे,बंद हो सकता विद्युत शवदाह गृह

ताजगंज में मोक्षधाम डूब गया है।विद्युत शवदाह गृह के पास यमुना का पानी पहुंच गया है।सिर्फ कुछ इंच नीचे ही पानी है। अगर जलस्तर और बढ़ा तो विद्युत शवदाह गृह भी बंद हो जाएगा।पोइया घाट मोक्षधाम में चार फीट तक पानी भरा है। दाह संस्कार में लोगों को परेशानी हो रही है।

डूबा ताज व्यू प्वाइंट,महताब बाग में भरा पानी

यमुना किनारे बने संरक्षित स्मारक भी बाढ़ की चपेट में हैं। 47 सालों बाद मुहब्बत की निशानी ताजमहल के पीछे की दीवार तक यमुना का पानी पहुंच गया है,दशहरा घाट,ताज व्यू प्वाइंट डूब गए हैं,महताब बाग में पानी भरा है,एत्माउद्दौला स्मारक के यमुना किनारे बने 12 कमरों में सात फीट पानी भरा है,ग्यारह सीढ़ी स्मारक की दीवार तक पानी है,जोहरा बाग पानी में डूब चुका है।रामबाग और अन्य स्मारक में बाढ़ से सीलन आ सकती है।

दो दिन और बढ़ेगा यमुना का जलस्तर

बाढ़ नियंत्रण कक्ष की रिपोर्ट के मुताबिक अगले दो दिन यानी मंगलवार तक यमुना का जलस्तर और बढ़ेगा।रविवार शाम मथुरा में गोकुल बैराज से 1.56 लाख क्यूसेक पानी यमुना में छोड़ा जा रहा है,बैराज के सभी गेट खुले हुए हैं।यह पानी दो दिन में आगरा पहुंच जाएगा।ओखला बैराज से 1.09 लाख क्यूसेक और हथिनीकुंड से 55 हजार क्यूसेक पानी यमुना में प्रवाहित हो रहा है।
 

किया जा रहा लोगों को जागरूक

प्रशासन द्वारा यमुना किनारे बसे इलाकों में लोगों को जागरूक किया जा रहा है,निचले इलाके खाली कराए गए हैं,लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है,किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है, शहर में 17 बाढ़ राहत शिविर बनाए गए हैं,इनमें लगभग पांच हजार लोगों की व्यवस्था है।

More news