प्रयागराज।कुख्यात माफिया अतीक अहमद के काले धन से धूमनगंज और पूरामुफ्ती क्षेत्र में जमीनें खरीदने,खरीदे गए हिस्से से अधिक जमीन का फर्जी बैनामा कराने और सरकारी जमीनों पर कब्जा करने का मामला सामने आया है।अतीक के करीबियों ने 100 से ज्यादा जमीन कब्जा कर बेच दी।रसूलपुर मरियाडीह निवासी शाह फैसल ने मामले की शिकायत पुलिस उपायुक्त से की।शिकायत पर पुलिस उपायुक्त के आदेश पर मोहम्मद जैद खालिद,जसीम अहमद,जाफर अहमद,मोहम्मद राशिद उर्फ नीलू,मुमताज अहमद,राहिल सिद्दीकी,महमूद अख्तर,अबु जैद,धीरेंद्र प्रताप सिंह,मोहम्मद दानिश और कुछ अज्ञात के खिलाफ पूरामुफ्ती थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता शाह फैसल के मुताबिक पोंगहट,बमरौली, रसूलपुर मरियाडीह और रसूलपुर काशीपुर में उनकी पुश्तैनी जमीन है।पिछले छह महीने में कई बार उनकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जे का प्रयास किया गया।उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कब्जे के प्रयास रुकवाए। इसके बाद राजस्व अभिलेखों की जांच कराने पर उन्हें जमीनों के बैनामे और खातेदारी में गड़बड़ियों की जानकारी मिली।
शाह फैसल का आरोप है कि संबंधित लोगों ने अपने और अपने साथियों के नाम पर करीब सौ से अधिक भूखंडों का बैनामा कराया। इसके बाद खरीदे गए हिस्से से अधिक जमीन का फर्जी बैनामा कराकर नामांतरण और खतौनी में नाम दर्ज कराए। इस प्रक्रिया के जरिए ग्रामसभा,बंजर,नाला और निजी जमीनों पर कब्जा किया गया। शिकायतकर्ता शाह फैशल ने मामले में कुछ अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका भी जताई है।
शाह फैसल ने शिकायत में मोहम्मद राशिद उर्फ नीलू को अतीक अहमद के चाचा का बेटा बताते हुए आरोप लगाया है कि संबंधित लोगों का माफिया से पुराना संपर्क था।शाह फैसल ने अतीक और मोहम्मद जैद खालिद के बीच बातचीत की ऑडियो क्लिप का भी जिक्र किया है।इसमें रसूलपुर काशीपुर की जमीन और लाल बंगले की संपत्ति को लेकर बातचीत होने का दावा किया गया है।शाह फैसल ने संबंधित संपत्तियों के क्रय-विक्रय, बैंक खातों और रुपये के लेनदेन की जांच कराने की मांग की है।