लखनऊ।राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी के लोगों को बड़ा संदेश दिया।सीएम योगी ने बापू के स्वदेशी और स्वावलंबन के मंत्र को आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला बताया। सीएम ने कहा कि बापू का चरखा केवल सूत कातने का साधन नहीं,बल्कि देश की आजादी और स्वावलंबन का मुख्य प्रतीक था।उत्तर प्रदेश सरकार की वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट योजना इसी स्वदेशी भावना को आगे बढ़ाते हुए स्थानीय उत्पादों को लोकल से ग्लोबल बनाने में जुटी है।
खादी पर 25 फीसदी छूट का ऐलान,गांधी आश्रम से खरीदा भगवा गमछा
गांधी जयंती पर सीएम योगी ने प्रदेशवासियों के लिए बड़ा ऐलान किया है।सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से 30 जनवरी तक खादी के वस्त्रों पर 25 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी।सीएम ने गांधी आश्रम पहुंचकर विभिन्न उत्पादों को देखा और डिजिटल भुगतान करके अपने लिए एक भगवा गमछा खरीदा।सीएम ने आम जनता से अपील की कि खादी को अपनी जीवनशैली में अपनाकर स्थानीय बुनकरों और कारीगरों के हुनर का सम्मान करें।
बचपन की यादें शेयर कीं,बापू और शास्त्री जी के व्यक्तित्व को किया नमन
कार्यक्रम में अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए सीएम योगी ने कहा कि बचपन में वे गांधी आश्रम के कपड़ों को बड़ी उत्सुकता से देखते थे।बापू ने आधी धोती और छड़ी के सहारे पूरे देश में आजादी की अलख जगाई और दुनिया को सत्य-अहिंसा की ताकत दिखाई।पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का स्मरण करते हुए सीएम ने कहा कि शास्त्री जी का जीवन सादगी और समर्पण से भरा था।संकट के समय उनका जय जवान,जय किसान का नारा पूरे भारत का राष्ट्रमंत्र बन गया।
आश्रम में मौजूद बच्चों को बांटी चॉकलेट,आत्मनिर्भरता का दिया संदेश
गांधी आश्रम परिसर में भ्रमण के दौरान सीएम योगी ने वहां कार्यरत कर्मचारियों का कुशलक्षेम जाना।सीएम ने वहां मौजूद छोटे बच्चों से बातचीत की, उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में पूछा और उन्हें चॉकलेट उपहार में दी।बच्चों ने भी आदरपूर्वक सीएम का चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया।सीएम ने अंत में जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत बापू और शास्त्री जी के सपनों को साकार करते हुए विकसित और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।