मथुरा।धर्मनगरी मथुरा में भाई दूज पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।यमुना नदी के तट पर सुबह तड़के से ही देश-विदेश से बड़ी संख्या में आए भाई-बहनों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर यमुना में डुबकी लगाई और सुख-समृद्धि की कामना की।पूरे घाट परिसर में जय यमुना मैया के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। ऐसा ही नजारा प्रयागराज के यमुना घाट पर देखने को मिला।
ये है धार्मिक मान्यता
अक्षय पुण्य और यम फांस से मुक्ति की मान्यता धार्मिक ग्रंथों के अनुसार मां यमुना यमराज की सगी बहन हैं।माना जाता है कि यम द्वितीया के दिन स्वयं यमराज अपनी बहन यमुना के घर भोजन करने आए थे,इस दिन जो भाई-बहन एक साथ यमुना में स्नान करते हैं,उन्हें यमराज के भय और यमलोक की यातनाओं से सदा के लिए मुक्ति मिल जाती है।इसी प्राचीन मान्यता के चलते विश्राम घाट समेत सभी प्रमुख घाटों पर स्नानार्थियों का सैलाब उमड़ पड़ा।
बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र की कामना की
स्नान के बाद बहनों ने भाइयों के माथे पर रोली और अक्षत का तिलक लगाकर उनकी दीर्घायु की कामना की।वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया। भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे।यमुना के घाटों पर गोताखोरों,जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया था,ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे।