संगीत सोम ने सपा का शासन दिलाया याद,कहा-अतीक का कुत्ता मुलायम सिंह यादव से मिलाता था हाथ
संगीत सोम ने सपा का शासन दिलाया याद,कहा-अतीक का कुत्ता मुलायम सिंह यादव से मिलाता था हाथ

02 Nov 2026 |   28



 

मेरठ।मेरठ के नानू गंगनहर पुल स्थित चौधरी दलेल सिंह कॉलेज में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व के विधायक संगीत सोम ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला।सोम ने सपा का शासनकाल की याद दिलाते हुए उसकी कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।

पूर्व विधायक संगीत सोम ने माफिया अतीक अहमद और सपा के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव का जिक्र करते हुए कहा कि हमने वह दौर भी देखा है,जब माफिया अतीक अहमद का कुत्ता मुलायम सिंह यादव से हाथ मिलाता था। मुख्तार जैसे लोग गाड़ी में बैठकर मशीनगन लेकर घूमते थे, कोई टच करने वाला नहीं था।

सपा मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए संगीत सोम ने दावा किया कि आगामी चुनावों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सपा का खाता भी नहीं खुलेगा। योगी सरकार की सराहना करते हुए सोम ने कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार को कोई नहीं हटा सकता।सोम ने जोर देकर कहा कि चुनाव के बाद राज्य में बचे हुए अपराधियों और माफियाओं का भी पूरी तरह सफाया कर दिया जाएगा। बता दें कि संगीत सोम का यह आक्रामक बयान स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।

इस दीपावली मिलन कार्यक्रम का संयोजन राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला और भाजपा नेता सतेन्द्र भराला ने किया था। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। 

बता दें कि एक सप्ताह पहले मेरठ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व संगीत सोम ने अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए थे।भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम ने कहा था कि अखिलेश उनकी हत्या कराना चाहते थे।सोम ने दावा किया था कि टीटू यादव के जरिए उनकी हत्या कराना चाहते थे,लेकिन उनकी कथित योजना सफल नहीं हो सकी।सोम ने एक पुराने मामले का जिक्र करते हुए दावा किया था,मुजफ्फरनगर जेल पहुंचने के करीब दो घंटे बाद उन्हें दूसरी जेल भेज दिया गया और पूरी रात जंगलों में घुमाया गया था। उरई जेल में अन्य कैदियों को हटाकर उन्हें अकेले रखा गया था।सोम ने कहा था, कुछ अधिकारियों ने उन्हें हत्या की आशंका के बारे में आगाह किया था। अगर जनता का साथ नहीं मिलता तो उनकी हत्या हो सकती थी। आज भी जब मुझे वे घटनाएं याद आती हैं, तो यह सोचकर कि अखिलेश यादव ने मेरी हत्या की साजिश रची थी,मैं सिहर उठता हूं। एक साक्षात्कार में जब मुझसे इस बारे में पूछा गया, तो मैंने इसका जिक्र भी किया था।

More news