ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी
लखनऊ।सूबे की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज के नौबस्ता में 26 अक्टूबर की सुबह हुए तिहरे हत्याकांड से यूपी दहल गई थी।इस तिहरे हत्याकांड का दो वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर के सामने रहने वालों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की सच्चाई सामने आ रही है।ऋषभ ने एक के बाद एक तीन लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि ऋषभ शुक्ला ने एक के बाद एक तीन लोगों को गोली मारी,जिससे तीनों की मौत हो गई।ऋषभ बाद किसी को फोन मिलाकर कह रहा है,हमको डंडे से पीटा, गुम्मे से मारा,इसके बाद मैंने गोली मारी है। ऋषभ का पड़ोसियों से पार्किंग को लेकर विवाद था। इसमें उसने पड़ोसी शिवाजी तिवारी,उनके भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभू और शिवाजी तिवारी के बेटे सुयश तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी।पुलिस ने ऋषभ को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था।उसके पास से मिली पिस्टल अवैध बताई जा रही है।
सआदतगंज में हुए तिहरे हत्याकांड के दो लाइव वीडियो सामने आए हैं।उन्हें देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो जा रहे हैं। एक वीडियो में ऋषभ शुक्ला बेखौफ होकर पिस्टल से गोलियां चला रहा है। एक के बाद एक तीन लोगों की गोलियां मारकर हत्या कर देता है।एक मैगजीन खाली होने पर दूसरी मैगजीन पिस्टल में लगाता है। उसके बाद खुद निर्दाेष होने का दावा करते हुए आत्मरक्षा में गोली चलाने की बात करता है। ऋषभ के पीछे से किसी युवती की भी आवाज आती है,वह भी आत्मरक्षा की ही बात करती है।दूसरे वीडियो में एक दारोगा ऋषभ को पकड़े हुए दिखता है,उसमें युवती की ऋषभ के पक्ष में बात करने की आवाज सुनाई दे रही है। ऋषभ के भय से आसपास के लोग बचाने नहीं आ रहे हैं।
सआदतगंज के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला में 26 अक्टूबर की सुबह चबूतरे की जमीन के पास कार खड़ी करने के विवाद में ऋषभ शुक्ला ने पड़ोसी शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभू और बेटे सुयश तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी।मामले में ऋषभ शुक्ला, राजेश शुक्ला, गिरीश शुक्ला, दिनेश शुक्ला, मुन्ना बाबू, दिव्या, प्रिया और आदिति के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लियाा था। राजेश शुक्ला और उसकी भतीजी दिव्या फरार है। दोनों के खिलाफ 25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया है।