शॉर्ट फिल्म वर्दी में दिखी यूपी पुलिस की शहादत की कहानी, नजर आया अपनों को खोने का दर्द और देशसेवा का जज्बा
शॉर्ट फिल्म वर्दी में दिखी यूपी पुलिस की शहादत की कहानी, नजर आया अपनों को खोने का दर्द और देशसेवा का जज्बा

21 Oct 2026 |   26



ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी 

लखनऊ।उत्तर प्रदेश पुलिस ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर वर्दी‌ नाम से एक खास शॉर्ट फिल्म रिलीज की है।पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के मार्गदर्शन में निर्मित यह फिल्म शहीद पुलिसकर्मियों के साहस,समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ उनके परिवारों के जीवन में बलिदान के बाद आए बदलावों और भावनात्मक पीड़ा को भी संवेदनशीलता से सामने लाती है।इस फिल्म को उत्तर प्रदेश पुलिस के एक्स पर प्रसारित किया गया है। इस फिल्म में कीर्ति चक्र से सम्मानित यूपी एसटीएफ के शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को विशेष रूप से रेखांकित किया गया है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1 अक्टूबर को शहीद सुनील कुमार की पत्नी मुनेश देवी को नकद धनराशि और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया था।

फिल्म शहीदों के परिवारों के मौन इंतजार और भावनात्मक संघर्ष को दर्शाती है ये फिल्म 

इस फिल्म से यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों के बलिदान पर उनके परिवारों को गर्व तो होता है,लेकिन अपनों की अनुपस्थिति से पैदा हुआ खालीपन और पीड़ा भी जीवन का हिस्सा बन जाती है।फिल्म शहीदों के परिवारों के उस मौन इंतजार और भावनात्मक संघर्ष को दर्शाती है,जिसे अक्सर शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल होता है। फिल्म का निर्देशन फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात निर्देशक,लेखक और अभिनेता तिग्मांशु धूलिया ने किया है। इसमें बॉलीवुड अभिनेता अमित साध, वरिष्ठ टेलीविजन अभिनेत्री अलका अमीन और नाजिश खान ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं।फिल्म का वॉयस ओवर और स्क्रिप्ट यूपी पुलिस के सोशल मीडिया सेंटर में नियुक्त आरक्षी कपिल दिनकर ने तैयार किया है, जबकि क्रिएटिव डायरेक्शन पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के जनसंपर्क अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक राहुल श्रीवास्तव ने किया है। फिल्म का निर्माण सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश के सहयोग से किया गया है। इसकी शूटिंग मुंबई में हुई है।

तिग्मांशु की पान सिंह तोमर को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का मिला था पुरस्कार

तिग्मांशु धूलिया हिंदी सिनेमा में हासिल,साहेब बीवी और गैंगस्टर,पान सिंह तोमर,बुलेट राजा और राग देश जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।धूलिया की निर्देशित फिल्म पान सिंह तोमर को 60वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला था। इसी फिल्म की पटकथा के लिए तिग्मांशु धूलिया और संजय चौहान को फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वहीं अमित साध काई पो छे,सुल्तान,गोल्ड,सरकार 3 और शकुंतला देवी जैसी फिल्मों के साथ-साथ ब्रीद और ब्रीद:इन्टू द शैडोज जैसी वेब सीरीज में अपने अभिनय के लिए पहचाने जाते हैं। वरिष्ठ अभिनेत्री अलका अमीन राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की पूर्व छात्रा हैं और दम लगा के हईशा और बधाई हो जैसी फिल्मों में अपने संजीदा अभिनय के लिए जानी जाती हैं।

मुठभेड़ में अदम्य साहस का परिचय देकर शहीद हुए थे इंस्पेक्टर सुनील कुमार

बता दें कि 20-21 जनवरी 2025 की मध्यरात्रि को शामली में मुकीम काला गैंग के बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में यूपी एसटीएफ के इंस्पेक्टर सुनील कुमार गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल होने के बावजूद उन्होंने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए एसटीएफ टीम का नेतृत्व जारी रखा। सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक लाख रुपये के इनामी बदमाश अरशद समेत चार बदमाश मारे गए थे। मुठभेड़ में लगी गोलियों के कारण इंस्पेक्टर सुनील कुमार 22 जनवरी 2025 शहीद हो गए। पुलिस स्मृति दिवस पर रिलीज की गई वर्दी के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस ने वीर शहीदों के त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की गाथा जन-जन तक पहुंचाने के साथ पुलिस बल के जवानों को राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया है।

More news