लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होना है।विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर यूपी में पोस्टर वार शुरू हो गया है। सूबे की राजधानी लखनऊ समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय के बाहर एक बड़ी होर्डिंग लगाई गई है।इस होर्डिंग में लिखे स्लोगन भारतीय जनता पार्टी पर तंज कस रहे हैं।साथ ही चुनाव आयोग को भी होर्डिंग पर लिखे स्लोगन के जरिए घेरा गया है।होर्डिंग का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।
सपा नेता मोहम्मद इखलाक ने लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर एक बड़ी होर्डिंग लगवाई है।इसमें सबसे ऊपर बदायूं सांसद आदित्य यादव और साथ में शिवपाल सिंह यादव की फोटो है।इसके बाद बड़े साइज में सपा मुखिया अखिलेश यादव की तस्वीर है।नीचे की तरफ सपा नेता मोहम्मद इखलाक का तस्वीर है और बीच में भाजपा और चुनाव आयोग को लेकर स्लोगन लिखे हैं।भाजपा पर तंज कसने के लिए लिखा गया एक कचौड़ी दो समोसा,जनता को बीजेपी पर नहीं है भरोसा। दूसरा स्लोगन एक कचौड़ी दो समोसा,चुनाव आयोग पे न करना भरोसा जैसे स्लोगन लिखे हैं।
बताते चलें कि इससे पहले भी यूपी में पोस्टरवार हो चुके हैं। कभी भाजपा सपा के खिलाफ पोस्टर लगा रही है तो कभी सपा भाजपाइयों के खिलाफ पोस्टरवार कर रहे हैं।पिछले महीने वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन पर ही विपक्ष ने उनके खिलाफ जगह-जगह पोस्टर लगाए थे।