सहारनपुर।उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारी तेज कर दी है।पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने की तैयारी में जुटी हुई है।इसी कड़ी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिसंबर के मध्य में पश्चिमी यूपी में रैली कर सकते हैं।रैली को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन सांसद इमरान मसूद के संकेतों के बाद रैली को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
पश्चिमी यूपी से कांग्रेस करेगी चुनावी शंखनाद
राहुल गांधी पश्चिमी यूपी से ही 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के चुनावी अभियान का बिगुल फूंक सकते हैं। इस रैली के लिए सहारनपुर को भी संभावित स्थल के रूप में देखा जा रहा है।खास बात यह है कि यूपी कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सांसद इमरान मसूद भी बीते दिनों इसके संकेत दे चुके हैं।ऐसे में सहारनपुर में रैली होने की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
सहारनपुर से ही क्यों चुनावी शंखनाद
सियासी लिहाज से ये रैली कांग्रेस के लिए काफी अहम मानी जा रही है।इस रैली से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ क्षेत्र में अपनी सियासी जमीन मजबूत करने का संदेश भी देना चाहेगी।राहुल गांधी की प्रस्तावित रैली महज चुनावी कार्यक्रम नहीं,बल्कि बड़े सियासी संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।यूपी के एक छोर पर सहारनपुर चार राज्यों के केंद्र बिंदु के रूप में रणनीतिक अहमियत रखता है। सहारनपुर से चुनावी अभियान का आगाज कांग्रेस की दूरगामी रणनीति का संकेत दे सकता है।सहारनपुर से इमरान मसूद सांसद होने के साथ ही यूपी कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। मुस्लिमों के साथ दलित राजनीति में भी मजबूत पकड़ रखने वाला सहारनपुर जिला कांग्रेस के लिए सियासी लिहाज से अहम साबित हो सकता है।
यूपी कांग्रेस में भी बड़ा बदलाव किया
इससे पहले राहुल गांधी ने प्रयागराज में छात्रों की गूंज कार्यक्रम किया था,जिसमें हजारों की तादाद में छात्र शामिल हुए थे।राहुल गांधी ने पेपर लीक,नौकरी जैसे मुद्दों को उठाया था। बता दें कि बीते माह यूपी कांग्रेस में बड़ा बदलाव हुआ था। अजय राय को हटाकर आराधना मिश्रा मोना को कमान सौंपी गई।सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया। इससे पहले राजेंद्र पाल गौतम को यूपी कांग्रेस का प्रभारी नियुक्त किया गया था।