योगी कैबिनेट का फैसला,आगरा में तोड़े जाएंगे 101 पुलिस कर्मियों के जर्जर आवास
योगी कैबिनेट का फैसला,आगरा में तोड़े जाएंगे 101 पुलिस कर्मियों के जर्जर आवास

19 Nov 2026 |   25



ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी 

लखनऊ।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार को कैबिनेट की बैठक हुई।बैठक में आगरा पुलिस कमिश्नरेट में जर्जर हो चुके 101 पुलिस आवासों को ध्वस्त किए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।इनमें आगरा के छीपाटोला परिसर स्थित पुलिस क्लब कालोनी के श्रेणी एक के 72, श्रेणी दो के 24 और श्रेणी तीन के पांच आवासों को ध्वस्त किया जाएगा।लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्धारित मूल्य और ध्वस्तीकरण की लागत की तुलना में स्क्रैप मूल्य को समायोजित करते हुए 2.55 करोड़ रुपये बट्टे-खाते में डाले जाएंगे।

नियामक आयोग की नियमावलियों को मंजूरी

कैबिनेट बैठक में नियामक आयोग की नियमावलियों को मंजूरी दे दी गई।इसमें उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (निधि) नियमावली-2026, उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (राज्य आयोग का वार्षिक लेखा और लेखा परीक्षा का प्रपत्र एवं समय) नियमावली-2026, उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (वार्षिक रिपोर्ट) नियमावली-2026 और उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (बजट) नियमावली-2026, शामिल हैं।जानकारी के मुताबिक ये नियमावलियां विद्युत अधिनियम-2003 की धारा 103, 104, 105, और 106 के तहत दिए गए प्रावधानों के मुताबिक है।

यूपी में स्थापित होगा राज्य सहकारी महाविद्यालय

यूपी में राज्य सहकारी महाविद्यालय की स्थापना होगी।यह संस्थान रहमानखेड़ा में खुलेगा।इसके लिए राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान लखनऊ के रहमानखेड़ा में 4.51 हेक्टेयर भूमि इंस्टिट्यूट ऑफ कोऑपरेटिव एंड कॉपोरेट मैनेजमेंट रिसर्च एंड ट्रेनिंग लखनऊ को निःशुल्क हस्तांतरित करने को मंजूरी दे दी। यह इंस्टीट्यूट सहकारिता विभाग के अधीन है। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि इस महाविद्यलाय के बाद सहकारिता क्षेत्र में शोध को बढ़ावा दिया जाएगा।

बागपत में बनेगा अंतरराष्ट्रीय योग एवं वेलनेस सेंटर

बागपत के पुरा महादेव क्षेत्र स्थित हरिया खेड़ा में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय योग और वेलनेस सेंटर के विकास एवं संचालन की संशोधित व्यवस्था से जुड़े पर्यटन विभाग के प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी। करीब 300 करोड़ रुपय की अनुमानित लागत से विकसित होने वाले इस केंद्र में योग, प्राणायाम, ध्यान और प्रशिक्षण संबंधी गतिविधियां संचालित होंगी। इस सेंटर में एक साथ करीब 10 हजार साधकों के योगाभ्यास की क्षमता होगी। दिल्ली-एनसीआर, मेरठ और आसपास के क्षेत्रों से नजदीकी के चलते यहां बड़ी संख्या में साधकों और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। इस केंद्र को आसपास के आध्यात्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण से भी जोड़ा जा सकेगा।

अनुभवी संस्था का होगा चयन, 65.815 हेक्टेयर भूमि पर बनेगा परिसर

केंद्र के वित्तपोषण,निर्माण,संचालन और रखरखाव के लिए अनुभवी संस्था का चयन किया जाएगा। चयन में योग एवं वेलनेस सेंटर के संचालन, योग कार्यक्रमों के आयोजन, योग प्रशिक्षक प्रशिक्षण और वित्तीय क्षमता के साथ विकास संबंधी प्रस्तावों का मूल्यांकन किया जाएगा। केंद्र में भोजनालय, कैफे और प्राथमिक उपचार जैसी सहायक सुविधाएं भी विकसित की जा सकेंगी। परियोजना के लिए वर्तमान में उपलब्ध 65.815 हेक्टेयर भूमि पर निविदा प्रक्रिया पूरी की जाएगी। परिसर की भूमि, भवन और स्थायी आधारभूत संरचना का स्वामित्व पर्यटन विभाग के पास ही रहेगा।

More news