योगी के गढ़ गोरखपुर में दिखा अलग नजारा,अखिलेश यादव का बुलडोजर से हुआ भव्य स्वागत
योगी के गढ़ गोरखपुर में दिखा अलग नजारा,अखिलेश यादव का बुलडोजर से हुआ भव्य स्वागत

19 Nov 2026 |   28



 

 
गोरखपुर।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में बुधवार को अलग नजारा दिखा।समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव का अनोखे और भव्य अंदाज में बुलडोजर से स्वागत किया गया। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले अपने सियासी अभियान को धार देते हुए अखिलेश यादव ने गोरखपुर एयरपोर्ट से चौरीचौरा तक 20 किलोमीटर लंबा पीडीए रथ से रोड शो निकाला।रोड शो में उमड़ी भारी भीड़ से उत्साहित अखिलेश यादव ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में गोरखपुर से भारतीय जनता पार्टी का पूरी तरह सफाया हो जाएगा।

बुलडोजर को सीएम योगी की पहचान और उनकी सरकार की ओर से माफिया और अपराधियों की संपत्तियों पर की जाने वाली कार्रवाई के प्रतीक के रूप में देखा जाता है।लगातार पांच बार गोरखपुर से सांसद रहे सीएम योगी के गढ़ में सपा मुखिया अखिलेश यादव का बुलडोजर से स्वागत होना सियासी गलियारों में बेहद चर्चा का विषय बन गया है।रोड शो के दौरान कुड़ाघाट चौराहे पर समर्थकों ने दो क्रेन से विशालकाय माला पहनाकर अखिलेश यादव का भव्य स्वागत किया।

एक्स पर अपनी बात रखते हुए अखिलेश यादव ने लिखा, गोरखपुर में हमारे रोड शो में उमड़े जनसैलाब को देखकर जनता कह रही है कि किसी का गढ़ गड़बड़ा गया है,इस बार गोरखपुर में जनता भाजपा को नौ बटे निल कर देगी।पूरे गोरखपुर मंडल में एकजुट पीडीए का समाज प्रभुत्ववादियों को धूल चटा देगा।गोरखपुर की ये पुकार,अहंकार की होगी हार। बता दें कि कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी नौ विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी।

रोड शो के बाद कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि गोरखपुर के लोगों में जो उत्साह और ऊर्जा दिखाई दे रही है,वह उल्लेखनीय है। अगर आज ही चुनाव हो जाएं तो भाजपा को यहां डबल जीरो मिल सकता है।

अखिलेश यादव ने अपने दावे के समर्थन में वाराणसी क्षेत्र की शिक्षक और स्नातक वर्गों की विधान परिषद सीटों पर हुए चुनाव में अपनी पार्टी की जीत का जिक्र किया। अखिलेश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी में दोनों सीटें जीतने का असर राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। अखिलेश ने तंज करते हुए कहा कि कभी-कभी डबल डोज का असर भी ऐसा ही होता है।

गोरखपुर में विकास के दावों पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि गोरखपुर आने के बाद ऐसा लग रहा है,जैसे यूरोप आ गया हूं,ऐसा लगता है कि स्पेन और वेनिस पहुंच गया हूं।

More news