लखनऊ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम राजधानी लखनऊ पहुंचे।पीएम मोदी इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह शामिल हुए।पीएम मोदी ने एआईटीटी -2026 के राष्ट्रीय टॉपर्स को सम्मानित किया,इसमें देशभर की आईटीआई के लगभग 1500 प्रशिक्षु शामिल हुए।
लखनऊ में महिला सुरक्षा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा बयान दिया है।पीएम मोदी ने कहा कि अब यूपी में बेटियां रात 11 बजे भी काम करके अकेले घर लौट रही हैं। पीएम मोदी ने काशी की एक फैक्ट्री में काम करने वाली लड़की का किस्सा सुनाया।बताया कि उस लड़की ने उनसे कहा था कि वह रात 11 बजे भी फैक्ट्री से काम खत्म करके आराम से घर लौट जाती है।
पीएम मोदी ने कहा कि यह सामान्य बात नहीं है।उत्तर प्रदेश के लोग जानते हैं कि सूरज ढलने के बाद बेटियों का घर से बाहर निकलना पहले कितना मुश्किल होता था। पीएम ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीजेपी सरकार ने प्रदेश में सुरक्षा का ऐसा माहौल बनाया है।
पीएम मोदी ने बताया कि कुछ दिन पहले वह अपने संसदीय क्षेत्र काशी में थे,वहां एक फैक्ट्री का उद्घाटन हुआ था,इसी दौरान उनकी मुलाकात एक लड़की से हुई,लड़की ने उन्हें बताया कि वह रात 11 बजे भी फैक्ट्री में काम करने के बाद अकेले घर लौटती है।पीएम मोदी ने कहा कि यह सुरक्षा के माहौल में आए बदलाव को दिखाता है। पीएम मोदी ने कहा कि सुरक्षा का एहसास और सरकार पर भरोसा ही विकसित भारत बनाने में मदद करेगा।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में युवाओं से बड़े सपने देखने की अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि उनके सामने आगे बढ़ने के कई मौके हैं।युवाओं को अपना हुनर बेहतर करना चाहिए,अपने सपनों को पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगानी चाहिए।
पीएम मोदी ने कहा कि युवा कभी खुद को अकेला न समझें, जब भी उन्हें ऐसा लगे,तो यह सोचें कि वह उनके साथ खड़े हैं। पीएम मोदी ने युवाओं से अपने माता-पिता के सपने पूरे करने की अपील भी की।साथ ही कहा कि वे अपने हुनर का इस्तेमाल समाज की तरक्की के लिए करें।
पीएम मोदी ने अपनी उस अपील का भी जिक्र किया,जिसमें उन्होंने लोगों से कम सोना खरीदने के लिए कहा था। पीएम मोदी ने कहा कि उस समय कई लोगों ने उनकी बात का मजाक उड़ाया था,लेकिन लोगों ने सोना खरीदना कम किया। अब सोने की कीमतों में गिरावट के बाद उन्हें अपनी बचत का फायदा समझ आ रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि लोगों को अब लग रहा है कि उनकी अपील मानकर उन्होंने पैसे बचाए। पीएम मोदी ने इसे देश के लिए भी फायदेमंद बताया।
बता दें कि लखनऊ पहुंचने से पहले पीएम मोदी बिहार के दौरे पर थे।वहां पीएम मोदी ने नीतीश सेतु का उद्घाटन किया।इस दौरान पीएम मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ की और विपक्ष पर निशाना साधा।पटना से वैशाली को जोड़ने वाले इस पुल के उद्घाटन के दौरान पीएम मोदी अपने पुराने अंदाज में दिखे। पीएम मोदी ने पुल से गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया।