आजम खान की फिर बढ़ीं मुश्किलें,घर पहुंची पुलिस,इस मामले में कोर्ट ने दिए जांच के आदेश
आजम खान की फिर बढ़ीं मुश्किलें,घर पहुंची पुलिस,इस मामले में कोर्ट ने दिए जांच के आदेश

23 Nov 2026 |   30



 

रामपुर।समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से जुड़े 19 साल पुराने मामले में एक बार फिर जांच शुरू होने जा रही है।सूत्रों के मुताबिक साल 2007 में दुकान तोड़ने से जुड़े मामले में कोर्ट ने दोबारा जांच के आदेश दिए हैं।इसी सिलसिले में पुलिस आजम खान को नोटिस देने उनके आवास पहुंची थी।आजम खान घर पर नहीं मिले तो पुलिस वहां मौजूद अधिवक्ता को नोटिस सौंपकर वापस लौट गई।

2007 का है मामला

मामला रामपुर के गंज थाना क्षेत्र का है।साल 2007 में जिला प्रशासन ने एक जमीन से कब्जा हटाने की कार्रवाई की थी। इस दौरान दुकान तोड़े जाने का मामला सामने आया था। दुकान स्वामी ने आरोप लगाया था कि बिना कोई नोटिस दिए कब्जा हटाया गया।साथ ही यह कार्रवाई तत्कालीन सपा नेता आजम खान के इशारे पर किए जाने का आरोप भी लगाया गया था।इस मामले में साल 2007 में मुकदमा दर्ज हुआ था, इसमें तत्कालीन एसडीएम नलिन सिंह अवस्थी और आजम खान का नाम शामिल किया गया था।आजम खान को भी मामले में आरोपी बनाया गया था।

पुलिस ने लगाई थी एफआर,फिर कोर्ट पहुंचा दुकान मालिक

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की थी। जांच पूरी होने पर पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी। हालांकि दुकान स्वामी पुलिस की रिपोर्ट के बाद दोबारा कोर्ट पहुंचा।अब कोर्ट ने मामले की पुनर्विवेचना यानी फिर से जांच करने के आदेश दिए हैं।

आजम खान के घर नोटिस लेकर पहुंची पुलिस

कोर्ट के आदेश के बाद मामले की दोबारा जांच रामपुर के पटवाई थाना प्रभारी पवन शर्मा को सौंपी गई है। सूत्रों के मुताबिक पटवाई पुलिस आजम खान को नोटिस तामील कराने उनके आवास पहुंची थी,लेकिन आजम वहां मौजूद नहीं मिले,इसके बाद पुलिस ने आवास पर मौजूद अधिवक्ता को नोटिस सौंप दिया और वापस लौट गई।अब 19 साल पुराने इस मामले में पुलिस की दोबारा जांच पर नजर रहेगी। हालांकि आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

More news