विजयादशमी पर सीएम योगी का संदेश,कहा-अन्यायी कितने भी शक्तिशाली हों,जीत सत्य की होती है
विजयादशमी पर सीएम योगी का संदेश,कहा-अन्यायी कितने भी शक्तिशाली हों,जीत सत्य की होती है

20 Oct 2026 |   34



 

ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी 

लखनऊ।हिंदुत्व के फायर ब्रांड मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र की महानवमी और विजयादशमी पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।इस मौके पर लिखी चिट्ठी में सीएम ने कहा कि अन्यायी और अधर्मी कितने भी शक्तिशाली क्यों न हों,आखिर में जीत सत्य और धर्म की ही होती है। सीएम ने मां दुर्गा के पराक्रम और प्रभु श्रीराम के जीवन का जिक्र करते हुए अन्याय का विरोध करने,नारी सम्मान करने और अपने कर्तव्य निभाने का संदेश दिया।

सीएम ने अपनी चिट्ठी में श्रीराम के आदर्शों को किया याद

सीएम योगी ने अपनी चिट्ठी में श्रीराम के आदर्शों को भी याद किया। सीएम ने कहा कि मां और मातृभूमि के प्रति प्रेम के साथ अपने कर्तव्यों को निभाना जरूरी है। प्रभु श्रीराम का जीवन लोगों को सही रास्ते पर चलने,दूसरों का सम्मान करने और समाज में मिल-जुलकर रहने की प्रेरणा देता है।

प्रभु श्रीराम के आदर्शों से मिलता है समरसता का संदेश

सीएम योगी ने प्रभु श्रीराम को सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक बताया।सीएम ने कहा कि रामलीला में समाज के अलग-अलग वर्गों के लोग बिना भेदभाव के शामिल होते हैं।यह परंपरा लोगों को आपस में जोड़ने का काम करती है।सीएम ने कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्श सिर्फ भारत तक सीमित नहीं हैं,दुनिया के कई देशों की सांस्कृतिक परंपराओं में भी उनकी जगह है,उनके जीवन से लोगों को अन्याय का विरोध करने,नारी सम्मान करने और अपने कर्तव्यों को पूरा करने की सीख मिलती है।

नागरिकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता

चिट्ठी में कानून-व्यवस्था का भी जिक्र किया गया है।सीएम योगी ने कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्शों पर चलते हुए कानून का राज बनाए रखना और नागरिकों की सुरक्षा करना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है, इसके तहत भयमुक्त माहौल बनाने के लिए निर्णायक कदम उठाए गए हैं।इन कार्रवाइयों से कानून के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है।

कसारी-मसारी की जमीन पर गरीबों के लिए बनेंगे आवास

सीएम योगी ने प्रयागराज के कसारी-मसारी क्षेत्र का भी जिक्र किया। सीएम ने बताया कि माफिया के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए आवास बनाए गए हैं,इस क्षेत्र को श्रीकृष्णपुरी के रूप में विकसित किया जाएगा।बता दें कि यह मुद्दा सीएम योगी की चिट्ठी में सरकार की कार्रवाई और गरीबों को आवास देने की बात से जुड़ा है।अपराधियों के कब्जे से जमीन मुक्त कराने के बाद उसका इस्तेमाल गरीब परिवारों को घर देने के लिए किया गया है।

विजयादशमी पर अहंकार और अन्याय रूपी रावण के दहन की अपील

सीएम योगी ने विजयादशमी पर लोगों से अहंकार,अन्याय, भेदभाव और नकारात्मकता रूपी रावण का दहन करने का संकल्प लेने की अपील की। सीएम के संदेश का मुख्य भाव यही है कि बुराई चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, अंत में जीत सत्य और धर्म की होनी चाहिए।

More news