पुलिस स्मृति दिवस पर सीएम योगी ने यूपी पुलिस को दिए 3 बड़े तोहफे,वर्दी भत्ता हुआ 15,000,6 वीर जवानों के परिजन हुए सम्मानित 
पुलिस स्मृति दिवस पर सीएम योगी ने यूपी पुलिस को दिए 3 बड़े तोहफे,वर्दी भत्ता हुआ 15,000,6 वीर जवानों के परिजन हुए सम्मानित 

21 Oct 2026 |   27



ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी 

लखनऊ।पुलिस स्मृति दिवस पर लखनऊ पुलिस लाइन पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस कर्मियों को लेकर तीन बड़ी घोषणाएं की। सीएम ने प्रांतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों का वर्दी भत्ता 6,400 से बढ़ाकर 15,000 वार्षिक कर दिया है।इसके साथ ही इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर का मासिक मोटरसाइकिल भत्ता 700 से बढ़ाकर 1,000 और पुलिसकर्मियों का मोबाइल रिचार्ज भत्ता 2,000 से बढ़ाकर 2,500 कर दिया गया है।अपना कर्तव्य निभाते हुए शहीद होने वाले प्रदेश के 6 वीर जवानों के परिजनों को सम्मानित किया और कहा कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम जारी रहेगा।

​​अपराधियों पर बिना राजनीतिक दबाव के कार्रवाई

​सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले पुलिस कार्रवाई करने से हिचकती थी,लेकिन अब यूपी पुलिस को पूरी छूट और राजनीतिक दबाव से मुक्त माहौल दिया गया है। सीएम ने कहा कि राज्य में आज 60 हजार से अधिक जवानों को एक साथ प्रशिक्षित करने की क्षमता विकसित हो चुकी है, हर जिले में साइबर थाने और महिला पीएसी की बटालियनें सुरक्षा को सशक्त कर रही हैं।

​ड्यूटी पर जान गंवाने वाले 6 पुलिसकर्मियों को नमन

​सीएम योगी ने ड्यूटी पर जान गंवाने वाले 6 पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया।इलेक्ट्रॉनिक फैक्ट्री में 450 कर्मचारियों की जान बचाते हुए मलबा गिरने से फायरमैन रोहित यादव और ड्राइवर तीर्थपाल सिंह शहीद हुए थे।अगवा कारोबारी की तलाश में हरियाणा दबिश देने जा रहे एसआई सत्यभान सिंह,एसआई मोहित कुमार यादव,सिपाही अशोक कुमार और सिपाही प्रदीप कुमार सड़क हादसे में शहीद हुए थे।सीएम ने कहा कि शहीद परिवारों का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अब तक शहीदों के आश्रितों को 425 करोड़ से अधिक की आर्थिक मदद पहुंचाई जा चुकी है।

यूपी पुलिस ने रिलीज की लघु फिल्म वर्दी,तिग्मांशु धूलिया ने किया निर्देशन

पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए खास पहल की है।फिल्म निर्देशक तिग्मांशु धूलिया के निर्देशन में बनी लघु फिल्म वर्दी यूपी पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रिलीज की गई है।फिल्म में शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों की जिंदगी में उनके जाने के बाद आए खालीपन और अपनों को खोने के दर्द को दिखाया गया है।

शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार के वीरता की कहानी

इस लघु फिल्म में यूपी एसटीएफ के शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार की वीरता,कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को खास तौर पर दिखाया गया है।सुनील कुमार को उनके अदम्य साहस के लिए मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया था।फिल्म के जरिए यह बताने की कोशिश की गई है कि वर्दी पहनने वाले जवानों का बलिदान सिर्फ एक घटना तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उनके परिवारों की जिंदगी पर भी गहरा असर छोड़ता है।फिल्म में मशहूर अभिनेता अमित साध,वरिष्ठ अभिनेत्री अलका अमीन और नाज़िश खान ने अभिनय किया है।इसका निर्माण पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के मार्गदर्शन में किया गया है।फिल्म का वॉयस ओवर और स्क्रिप्ट यूपी पुलिस के सोशल मीडिया सेंटर में तैनात आरक्षी कपिल दिनकर ने तैयार की है।वहीं पुलिस महानिदेशक के जनसंपर्क अधिकारी पुलिस अधीक्षक राहुल श्रीवास्तव ने इसका क्रिएटिव डायरेक्शन किया है।फिल्म को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश के सहयोग से बनाया गया है।

शामली मुठभेड़ में घायल हुए थे इंस्पेक्टर सुनील कुमार

बता दें कि एसटीएफ के इंस्पेक्टर सुनील कुमार 20 और 21 जनवरी 2025 की मध्यरात्रि शामली में मुकीम काला गैंग के बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सुनील कुमार घायल होने के बाद भी एसटीएफ टीम का नेतृत्व करते रहे।पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक लाख का इनामी बदमाश अरशद समेत चार बदमाश मारे गए थे। मुठभेड़ में लगी गोलियों के कारण सुनील कुमार की 22 जनवरी को मौत हो गई थी। सुनील कुमार की वीरता और कर्तव्य के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया।

More news