विधान परिषद चुनाव परिणाम के बाद बोले अखिलेश यादव,दूरबीन लेकर प्रत्याशी ढूंढ रही है बीजेपी,खाली पड़ी है टिकट खिड़की
विधान परिषद चुनाव परिणाम के बाद बोले अखिलेश यादव,दूरबीन लेकर प्रत्याशी ढूंढ रही है बीजेपी,खाली पड़ी है टिकट खिड़की

29 Oct 2026 |   31



ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी 

लखनऊ।उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के परिणाम के बाद समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर सियासी हमला बोला है।अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट शेयर कर चुनाव में जीत हासिल करने वाले प्रत्याशियों को बधाई दी और मतदाताओं का आभार जताया।अपनी पोस्ट में अखिलेश यादव ने भाजपा की चुनावी रणनीति,शिक्षा और रोजगार से जुड़ी नीतियों पर सवाल उठाए।दावा किया कि विधान परिषद चुनाव के नतीजे 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की दिशा तय होने के संकेत दे रहे हैं।

वाराणसी में भाजपा दो बार हारी

अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि प्रिय मतदाताओं, भाजपा एक फ्लॉप शो बन गई है।भाजपा वाले वाराणसी में पहले काउंटिंग में हारे,फिर दोबारा री-काउंटिंग में हारे।मतलब दो बार मतगणना हुई और दोनों बार भाजपा और उनके संगी-साथी हारे।ये डबल इंजन की डबल हार है।अखिलेश ने कहा कि विधान परिषद चुनाव में भाजपा की हार ने 2027 के विधानसभा चुनाव की प्रस्तावना लिख दी है।यह भाजपा की शिक्षक,शिक्षार्थी और शिक्षा विरोधी नीतियों की हार है और पढ़े-लिखे बेरोजगार स्नातकों ने भी अपना फैसला सुना दिया है।

पीडीए का जनाधार अब 95 प्रतिशत हो गया

अखिलेश यादव ने भाजपा पर समाज के अलग-अलग वर्गों को पीड़ित,दुखी और अपमानित करने का आरोप लगाया। अखिलेश ने दावा किया कि इससे उत्पीड़ित वर्ग एकजुट हो रहे हैं और पीडीए का जनाधार अब 95 प्रतिशत हो गया है। अखिलेश ने अपने पोस्ट में लिखा कि जो पीड़ित,वो पीडीए। अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के भीतर इस बात को लेकर चर्चा है कि जिन सीटों पर पार्टी ने जीत हासिल की,वहां भी हेराफेरी हुई है।

बीजेपी की गुटबाजी और प्रत्याशियों को लेकर तंज

अखिलेश यादव ने भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी पर भी निशाना साधा। अखिलेश ने कहा कि पार्टी के भीतर की फूट से डबल इंजन की टकराहट और बढ़ गई है।आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा के प्रत्याशी चुनाव लड़ने का हौसला खो रहे हैं। अखिलेश ने लिखा कि जो पार्टी अब तक प्रत्याशियों का सर्वे करा रही थी,वह अब दूरबीन लेकर उम्मीदवार ढूंढ़ रही है, लेकिन उसे कोई नजर नहीं आ रहा है.श।

भाजपा की टिकट की खिड़की खाली है

अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा की टिकट की खिड़की खाली है। अखिलेश ने विधान परिषद चुनाव में समाजवादी पार्टी का समर्थन करने वाले शिक्षकों और युवाओं का आभार जताया।शिक्षकों और अपने भविष्य को लेकर चिंतित युवाओं ने सपा को वोट देने के साथ मतगणना के दौरान भी सक्रिय भूमिका निभाई। अखिलेश ने कहा कि पार्टी के पीडीए प्रहरी मतगणना की निगरानी करते रहे और प्रमाणपत्र मिलने तक डटे रहे।

जीतने वाले प्रत्याशियों को बधाई दी

अखिलेश यादव ने विधान परिषद चुनाव में जीत हासिल करने वाले समाजवादी पार्टी के सभी प्रत्याशियों को बधाई दी।साथ ही उन प्रत्याशियों का भी अभिनंदन किया,जिन्हें उन्होंने चालबाजी और जालसाजी के जरिए हराए जाने का आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लिए कोई भी प्रत्याशी हारा नहीं है,बल्कि कथित हेराफेरी के कारण कुछ उम्मीदवार जीत का प्रमाणपत्र हासिल नहीं कर पाए,ऐसे प्रत्याशी भी पार्टी के लिए बिना प्रमाणपत्र के विजेता हैं।

2027 में सपा सरकार बनाने का जताया भरोसा

अखिलेश यादव ने विश्वास जताया कि विधान परिषद चुनाव में दिखाई गई सजगता और एकजुटता 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने की नींव बनेगी। अखिलेश ने कहा कि शिक्षकों,युवाओं और अन्य मतदाताओं का समर्थन पार्टी के लिए अहम है। अखिलेश ने भाजपा की नीतियों और चुनावी रणनीति पर सवाल उठाते हुए अपने समर्थकों का उत्साह बढ़ाया।अंत में उन्होंने सभी मतदाताओं को एक बार फिर धन्यवाद दिया।

More news