बुलंदशहर।उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की सियासी जमीन तैयार करने के लिए बहुजन समाज पार्टी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बिगुल फूंक दिया है। बुलंदशहर के अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र में स्थित रामेश्वरी देवी नेत्रपाल स्टेडियम में पार्टी का एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। इसमें बसपा मुखिया मायावती का विशेष संदेश लेकर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और मुख्य समन्वयक आकाश आनंद मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे।रैली को संबोधित करते हुए अनूपशहर से बसपा प्रत्याशी पूर्व ब्लॉक प्रमुख मनोज प्रधान ने कहा कि अनूपशहर की पावन धरती से 2027 के चुनाव की मजबूत नींव रख दी गई है।
जमीनी कार्यकर्ता पर भरोसा जताने पर मायावती का जताया आभार
बसपा प्रत्याशी मनोज प्रधान ने पार्टी मुखिया मायावती का दिल से आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने उन जैसे एक साधारण और जमीनी कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है। प्रधान ने कहा कि बहन जी ने उन्हें जो अनूपशहर से प्रत्याशी बनाकर सम्मान दिया है,उसके लिए वे जीवन भर आभारी रहेंगे। प्रधान ने कहा कि राजनीति में उनका मुख्य उद्देश्य जातिवाद फैलाना बिल्कुल नहीं,बल्कि सर्वसमाज का सर्वांगीण विकास करना है।यदि वे जातिगत आंकड़ों या भेद-भाव की राजनीति करते, तो उन्हें हर वर्ग का ऐसा अपार समर्थन और प्यार कभी न मिलता।
सर्वसमाज के समर्थन और 2007 के शासनकाल का किया जिक्र
मनोज प्रधान ने कहा कि उन्हें ब्राह्मण समाज सहित हिंदू, मुस्लिम,सिख और ईसाई—हर वर्ग का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है।पिछले 26 वर्षों से क्षेत्र की जनता का जो प्यार और मान-सम्मान उन्हें मिला है,वे पूरी ईमानदारी से हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।प्रदेश की मौजूदा स्थिति पर निशाना साधते हुए प्रधान ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है,जिससे किसान और आम जनता बुरी तरह परेशान हैं। प्रधान ने 2007 के बसपा शासनकाल को याद दिलाते हुए कहा कि जिस तरह तब पूर्ण बहुमत की सरकार बनी थी, वैसा ही माहौल आज फिर से बनता दिख रहा है।
भाजपा में जाने को बताया भूल और घर वापसी पर जताई खुशी
अपने पुराने राजनीतिक सफर पर बेबाकी से बोलते हुए मनोज प्रधान ने कहा कि उन्होंने 20 वर्षों तक बसपा में रहकर निष्ठापूर्वक काम किया था। प्रधान ने कहा कि बीच में कुछ समय के लिए भाजपा में जाना उनकी एक राजनीतिक भूल थी,जिसे उन्होंने समय रहते सुधार लिया है। प्रधान ने कहा कि यदि वे निष्ठावान और कर्मठ कार्यकर्ता न होते, तो पार्टी नेतृत्व उन पर इतना बड़ा भरोसा कभी नहीं जताता। बता दें कि इस विशाल सम्मेलन में उमड़ी भीड़ से उत्साहित बसपा कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज कराकर बसपा की सरकार बनाने का संकल्प लिया।