बसपा मुखिया मायावती का बरगद के पेड़ पर लगी दुर्गा स्वरूप की होर्डिंग,सियासत में मची हलचल 
बसपा मुखिया मायावती का बरगद के पेड़ पर लगी दुर्गा स्वरूप की होर्डिंग,सियासत में मची हलचल 

02 Nov 2026 |   30



 

बांदा।उत्तर प्रदेश में 2027 में होने विधानसभा चुनाव से पहले नेता जबरदस्त जुबानी तीर चला रहे हैं तो वहीं सियासी पार्टियां अपने नेताओं को होर्डिंग के जरिए भगवान का स्वरूप बताने में जुटे हैं।कुछ दिन पहले सपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी मुखिया अखिलेश यादव को श्रीकृष्ण का रूप बताकर जगह-जगह उनकी होर्डिंग लगाई थी।अब बसपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी मुखिया मायावती को दुर्गा का स्वरूप बताकर उनकी होर्डिंग को बरगद के पेड़ पर टांगी है।होर्डिंग में कार्यकर्ताओं ने मायावती को मुख्यमंत्री बनाने की इच्छा जाहिर की गई है। होर्डिंग में मायावती को दुर्गा के स्वरूप में दिखाया गया है, इसकी चर्चा भी खूब हो रही है। बरगद के पेड़ पर टंकी इस होर्डिंग के फोटो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं। हालांकि स्वराज सवेरा वायरल वीडियो और फोटो की पुष्टि नहीं करता है।

मायावती की वायरल हो रही होर्डिंग आशुतोष पाठक की ओर से लगवाया गया है।होर्डिंग के ग्राफिक डिजाइन में बसपा मुखिया मायावती को कई हाथों वाले दुर्गा स्वरूप में दर्शाया गया है।अलग-अलग हाथों के जरिए संविधान,न्याय,शिक्षा,स्वास्थ्य,किसान,उद्योग और सामाजिक सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से रेखांकित किया गया है। इसके साथ ही होर्डिंग पर उत्तर प्रदेश को स्वच्छ,सुरक्षित और शिक्षित राज्य बनाने का राजनीतिक संकल्प और संदेश भी लिखा गया है।बसपा जिलाध्यक्ष शिवकरण दिनकर का कहना है कि इस बारे में जानकारी नहीं है,जिस युवक का फोटो लगा है इसके बारे में वह भी नहीं जानते हैं।

बता दें कि एक हफ्ते पहले बसपा कार्यकर्ताओं ने वाराणसी में पार्टी मायावती का दुर्गा स्वरूप का पोस्टर लगाया था।जिला मुख्यालय गेट के बगल में लगे इस पोस्टर ने लोगों का ध्यान खासा आकर्षित किया था। पोस्टर लगाने के पीछे क्या मंशा थी,इसको लेकर भी कोई जानकारी नहीं मिल पाई थी।

बताते चलें कि बसपा 2027 विधानसभा चुनाव के लिए छह दिसंबर को राजधानी लखनऊ में रमाबाई आंबेडकर रैली स्थल से चुनावी बिगुल फूंकने की तैयारी में जुटी है।बसपा के संभावित आयोजन को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।रमाबाई आंबेडकर रैली स्थल पर 5 और 6 दिसंबर के लिए बुकिंग कराई गई है। इसके बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर 6 दिसंबर को बसपा यहां बड़ी रैली या जनसभा आयोजित कर सकती है।सूत्रों के मुताबिक इस आयोजन को इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि साल 2010 के बाद पहली बार रमाबाई आंबेडकर रैली स्थल पर बसपा का कोई बड़ा राजनीतिक आयोजन होगा। आयोजन को लेकर 5 नवंबर को होने वाली बसपा की प्रदेश इकाई की बैठक पर भी नजरें टिकी हैं।

More news