बांदा मेडिकल कॉलेज में दिल दहला देने वाली घटना,आवारा कुत्ते उठा ले गए नवजात का शव,सिर्फ हाथ-पैर हुए बरामद
बांदा मेडिकल कॉलेज में दिल दहला देने वाली घटना,आवारा कुत्ते उठा ले गए नवजात का शव,सिर्फ हाथ-पैर हुए बरामद

02 Nov 2026 |   27



 

बांदा।उत्तर प्रदेश के बांदा के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है,इससे अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। मेडिकल कॉलेज के वार्ड के बाहर रखे एक नवजात शिशु के शव को आवारा कुत्ते उठाकर ले गए और उसे अपना निवाला बना डाला। मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलते इस घटना से हर कोई हैरान है।

नींद खुली तो उड़े होश,सिर्फ हाथ और पैर आए हाथ

प्राप्त जानकारी के मुताबिक गिरवां थाना क्षेत्र के बड़ोखर बुजुर्ग गांव के गणेश प्रसाद की पत्नी गुड़िया को रविवार देर रात प्रसव पीड़ा हुई थी।परिवार जब गुड़िया को लेकर मेडिकल कॉलेज आ रहा था,तो रास्ते में ही गुड़िया ने एक मृत नवजात शिशु को जन्म दे दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत नवजात को परिजनों के सुपुर्द कर दिया और गुड़िया को वार्ड में भर्ती कर लिया।सोमवार तड़के सुबह जब परिजन वार्ड के बाहर बच्चे के शव को पास रखकर सो रहे थे,तभी आवारा कुत्ते वहां पहुंचे और नवजात के शव को उठाकर ले गए।

नोच-नोचकर खाया धड़,परिसर में मिला अवशेष

जब परिजनों की आंख खुली और उन्होंने अपने पास रखे बच्चे के शव को गायब देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों ने तुरंत अस्पताल परिसर में खोजबीन शुरू की, जिसके बाद उन्हें बच्चे के केवल हाथ और पैर ही बरामद हुए। आवारा कुत्तों ने नवजात के पूरे धड़ को बुरी तरह नोच-नोचकर खा लिया था।इस दहला देने वाली घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों और पुलिस को इसकी सूचना दी।पीड़ित परिवार का कहना है कि आज भले ही बच्चा मृत था, लेकिन इस तरह की लापरवाही से कल किसी जीवित बच्चे की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

डीएम ने दिए उच्चस्तरीय जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश

इस पूरे मामले के तूल पकड़ने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।जिला अधिकारी अमित असरी ने इस दिल दहला देने वाले प्रकरण पर कड़ा रुख अख्तियार किया है। डीएम ने मीडिया को बताया कि यह पूरा मामला उनके संज्ञान में आ चुका है और इसकी गहराई से जांच करवाई जा रही है। डीएम ने कहा कि इस लापरवाही के लिए जो भी दोषी पाया जाएगा,उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

More news