ब्यूरो देवी शरण मिश्रा
प्रतापगढ़।यूजीसी के नए नियमों को लेकर पूरे देश में चल रहे विरोध के बीच जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के मुखिया कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया मुखर हो गए हैं।एक दिन पहले राजा भइया का बयान सामने आया था कि यूजीसी नहीं लागू होगा।सोमवार को मीडिया से बातचीत में अपनी बात दोहराते हुए राजा भइया ने कहा कि जो कह दिया सो कह दिया,पीछे नहीं हटेंगे।
योगीराज देवरहा बाबा मंडपम कथा स्थल राजभवन बेंती में राम कथा शुरू होने से एक दिन पहले सोमवार राजा भइया ने कहा कि कहा कि प्रभु श्रीराम का चरित्र इतना व्यापक है, विस्तृत है,विशद है कि कोई वर्णन तो कर नहीं सकता।राजा भइया ने कहा कि श्रीराम कथा का सबसे बड़ा संदेश या सबसे बड़ा उद्देश्य यह है कि जन सामान्य में भगवान श्री राम के विशाल चरित्र को दिखा कर सदबुद्धि की ओर,धर्म की ओर, अंधकार से उजाले की ओर सबको ले चलने का प्रयास हो। इसी मकसद से ये कथा हो रही है।
राजा भइया ने हिंदू राष्ट्र पर भी अपनी बात रखते हुए कहा कि मैं कई बार कह चुका हूं कि भारत का बंटवारा धर्म के आधार पर हुआ है।इसे मैं कई बार कहता हूं,आप सब लोग जानते भी हैं और मानेंगे भी हिंदुओं ने यह कभी नहीं कहा कि वह मुस्लिम के साथ नहीं रह सकते हैं। राजा भइया ने कहा कि मुस्लिम लीग ने और जिन्ना ने यह कहा कि उन्हें इस्लामिक राष्ट्र चाहिए और वे हिंदुओं के साथ नहीं रह सकते हैं। इस तरह से पूर्वी-पश्चिमी पाकिस्तान अस्तित्व में आया।राजा भइया ने कहा कि इस बात से आप सभी लोग सहमत हैं, जो हमको सुन रहे हैं, देख रहे हैं, वो भी सहमत हैं।
इस दौरान यूजीसी के नए नियमों को लेकर पूछे गए एक सवाल पर राजा भइया ने कहा कि जो हमको कहना था वो कह चुके हैं,उससे हम पीछे नहीं हटेंगे।बता दें कि राजा भइया ने एक दिन पहले कहा था कि यूजीसी लागू नहीं होगा।सपा मुखिया अखिलेश यादव द्वारा सबसे बड़ा माफिया बताए जाने पर राजा भइया ने कहा कि वह किसी पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे,जिसको जो मानना है मानें।
क्या श्रीराम कथा का निमंत्रण अखिलेश यादव को भी गया है, इस सवाल पर राजा भइया ने कहा कि सभी सनातनियों को न्योता है।हम सभी आस्थावानों को सादर निमंत्रण दे रहे हैं। राजा भइया ने कहा कि इस समय उनका पूरा ध्यान श्रीराम कथा को सफल बनाने पर है। कथा में बहुत से सनातनी वक्ता भी शामिल होंगे।
बता दें कि श्रीराम कथा के लिए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सोमवार शाम बेंती राजभवन पहुंचे।धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का स्वागत करने के लिए राजा भइया प्रयागराज में एयरपोर्ट पहुंचे थे।धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा में संतों-महंतों,फिल्मी सितारों और सियासी हस्तियों के पहुंचने की चर्चा है।कथा की बढ़ती लोकप्रियता और बढ़ती भीड़ को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 17 नवंबर को योगगुरु बाबा रामदेव,सुतआ बाबा समेत कई संत पहुंच रहे हैं। 18 नवंबर को फिल्म हनुमान अंश में बाबा नीम करौली का किरदार निभाने वाले शोभिनव सत्या अपनी पूरी टीम के साथ पहुंच रहे हैं।इसके अलावा फिल्मी सितारे संजय दत्त,मनोज तिवारी,रवि किशन,शिल्पा शेट्टी,पवन सिंह आदि के आने की चर्चा है।पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह,सपा के बागी विधायक गौरीगंज से राकेश सिंह,गोसाईगंज विधायक अभय सिंह के आने की चर्चा है।