मतदाता सूची में छूटे नाम जुड़वाने के लिए 25 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान
10 से 25 अक्टूबर तक घर-घर जाएंगे बीएलओ, 18 और 25 अक्टूबर को बूथों पर लगेंगे विशेष कैंप
ब्यूरो देवी शरण मिश्रा
प्रतापगढ़।मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम शामिल कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रेमचन्द मौर्य ने राजनीतिक दलों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
रविवार को जिला निर्वाचन कार्यालय में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में एडीएम ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को अवसर दिया जा रहा है,जिन लोगों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है या किसी कारणवश कट गया है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं।
एडीएम ने बताया कि 10 से 25 अक्टूबर 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए पात्र नागरिकों से संपर्क करेंगे। इसके अतिरिक्त 18 अक्टूबर और 25 अक्टूबर, दोनों रविवार को बूथों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।
एडीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को सक्रिय करने और उन्हें बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश देने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से भी मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और नाम छूटने पर पंजीकरण के लिए आवेदन करने का आग्रह किया।बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।