एक साल में उखड़ गई सड़क,दोबारा निर्माण शुरू,माघी से झींगुर तिराहा तक सड़क की गुणवत्ता पर सवाल,विधायक के निरीक्षण के बाद भी नहीं सुधरी हालत
एक साल में उखड़ गई सड़क,दोबारा निर्माण शुरू,माघी से झींगुर तिराहा तक सड़क की गुणवत्ता पर सवाल,विधायक के निरीक्षण के बाद भी नहीं सुधरी हालत

07 Oct 2026 |   33



ब्यूरो देवी शरण मिश्रा 

कुंडा/प्रतापगढ़। माघी से झींगुर तिराहा तक बनाई गई सड़क एक साल भी नहीं टिक पाई।सड़क के खराब होने के बाद अब उसका दोबारा निर्माण शुरू करा दिया गया है।पुनर्निर्माण शुरू होने से क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में राहत की उम्मीद है, लेकिन एक साल के भीतर सड़क के खराब होने से निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क निर्माण के कुछ समय बाद ही जगह-जगह सड़क की स्थिति खराब होने लगी थी। धीरे-धीरे सड़क पर गड्ढे और टूट-फूट बढ़ती गई। अब उसी सड़क का दोबारा निर्माण कराया जा रहा है।

विधायक के निरीक्षण के बाद भी नहीं सुधरी सड़क

इस सड़क को लेकर पहले भी क्षेत्र में चर्चा रही है।बाबागंज विधायक विनोद सरोज के निरीक्षण के बावजूद सड़क की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका। इसके बाद सड़क जल्द ही खराब हो गई और अब पुनर्निर्माण की नौबत आ गई है।

दोबारा निर्माण में गुणवत्ता की हो निगरानी

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि सड़क दोबारा बनाई जा रही है तो इस बार निर्माण कार्य की गुणवत्ता की प्रभावी निगरानी जरूरी है। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सड़क की मोटाई और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि सरकारी धन खर्च होने के बाद सड़क दोबारा जल्द खराब न हो।अब सवाल यह है कि एक साल भी सड़क के नहीं टिक पाने की वजह क्या रही और पहले हुए निर्माण की गुणवत्ता की जांच कौन करेगा।पुनर्निर्माण के साथ इन सवालों के जवाब भी क्षेत्रीय लोग चाहते हैं।

More news