प्रतापगढ़ में मिलेट्स महोत्सव का आयोजन,श्रीअन्न के उत्पादों की प्रदर्शनी बनी आकर्षण
किसानों को उन्नत खेती,उत्पादन तकनीक और श्रीअन्न के पोषण महत्व की दी गई जानकारी
ब्यूरो देवी शरण मिश्रा
प्रतापगढ़।कृषि भवन परिसर में बुधवार को कृषि विभाग की ओर से जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव और मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ किसान मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष विजय मिश्रा और राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि राय साहब सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
महोत्सव में जिले के विभिन्न विकास खंडों से हजारों प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया।महोत्सव में किसानों को ज्वार,बाजरा,रागी,सांवा,कोदो,कुटकी,कंगनी और चेना जैसे श्रीअन्न की खेती,उन्नत उत्पादन तकनीक और पोषण संबंधी महत्व की जानकारी दी गई।कृषि विभाग का उद्देश्य किसानों को श्रीअन्न की खेती के लिए प्रोत्साहित करने के साथ इसके दैनिक उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।
प्रधान वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केंद्र अवधेश कुमार सिंह ने रबी और मिलेट्स फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीक और फसल प्रबंधन की जानकारी दी। जिला उद्यान अधिकारी सुनील शर्मा ने उद्यान विभाग की योजनाओं से अवगत कराया। वहीं जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार ने रबी फसलों की तैयारी, खाद-बीज की उपलब्धता और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
उप कृषि निदेशक अश्विनी कुमार सिंह ने श्रीअन्न के उत्पादन, संरक्षण, भंडारण एवं प्रसंस्करण की जानकारी देते हुए इससे तैयार होने वाले पौष्टिक व्यंजनों के बारे में बताया। उन्होंने किसानों से श्रीअन्न की खेती और उपभोग को बढ़ावा देने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन एवं आय बढ़ाने का आह्वान किया।
महोत्सव में विभिन्न प्रतिष्ठानों और श्री वेंकटेश उद्योग चिलबिला की ओर से मिलेट्स से तैयार खाद्य उत्पादों एवं पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में विभिन्न प्रकार के व्यंजन और खाद्य पदार्थ आकर्षण का केंद्र रहे।
इस दौरान कस्टम हायरिंग सेंटर की स्थापना के लाभार्थी अखिलेश कुमार सरोज को चाबी एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में भूमि संरक्षण अधिकारी चमन सिंह, जिला कृषि रक्षा अधिकारी अनिल प्रसाद मिश्र और पर्यावरण सेना प्रमुख अजय क्रांतिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अंत में जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार ने सभी अतिथियों एवं किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया।