आधुनिक खेती से बढ़ेगी किसानों की आय, 200 किसानों ने सीखी नई तकनीक
आधुनिक खेती से बढ़ेगी किसानों की आय, 200 किसानों ने सीखी नई तकनीक

30 Sep 2026 |   34



आधुनिक खेती से बढ़ेगी किसानों की आय, 200 किसानों ने सीखी नई तकनीक

कृषक गोष्ठी में बागवानी,माइक्रो इरीगेशन,फसल बीमा और मिट्टी संरक्षण पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी

ब्यूरो देवी शरण मिश्रा 

प्रतापगढ़।उद्यान विभाग की ओर से एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना एवं पर ड्रॉप मोर क्रॉप माइक्रोइरीगेशन के तहत दो दिवसीय कृषक गोष्ठी का आयोजन 29 और 30 सितंबर को सरोज चौराहा के पास साईं पैलेस में किया गया। गोष्ठी में करीब 200 किसानों ने प्रतिभाग कर आधुनिक खेती और बागवानी की तकनीकी जानकारी प्राप्त की।

दूसरे दिन कार्यक्रम का शुभारंभ उप कृषि निदेशक अश्विनी कुमार सिंह,भूमि संरक्षण अधिकारी चमन सिंह,जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार शर्मा और कृषि विज्ञान केंद्र ऐंठू कालाकांकर के वरिष्ठ वैज्ञानिक महेंद्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ उठाकर कृषि आय बढ़ाने का आह्वान किया। भूमि संरक्षण अधिकारी चमन सिंह ने मिट्टी को स्वस्थ रखने के उपायों की जानकारी दी।वरिष्ठ वैज्ञानिक महेंद्र सिंह ने औद्यानिक फसलों, सघन बागवानी और फसलों में होने वाले रोगों से बचाव के बारे में विस्तार से बताया। 

उप कृषि निदेशक अश्विनी कुमार सिंह ने कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से अधिक से अधिक फसल बीमा कराने की अपील की।उद्यान निरीक्षक मो. फाजिल ने माइक्रोइरीगेशन योजना के साथ आलू अनुदान योजना और भामाशाह भाव स्थिरता कोष योजना की जानकारी किसानों को दी। कार्यक्रम के अंत में जिला उद्यान अधिकारी ने अतिथियों और किसानों का आभार जताया।

More news