ब्यूरो देवी शरण मिश्रा
प्रतापगढ़।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देने के उद्देश्य से मंगलवार को जिले में सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया थीम पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया।शाम सात बजे शुरू हुए कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों, लाभार्थियों और आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस दौरान लोगों ने अपने घरों पर आशीर्वाद का दीया जलाया। वहीं प्रमुख विकास कार्यों,अवस्थापना परियोजनाओं,सरकारी भवनों और महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए।दीपों की रोशनी के माध्यम से जनसेवा,विकास और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प का संदेश दिया गया।
जिले के पौराणिक स्थल अजगरा स्थित यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थल के सरोवर पर विशेष दीप प्रज्वलन कार्यक्रम हुआ। विधायक विश्वनाथगंज जीत लाल पटेल,जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय,मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना,एमएलसी प्रतिनिधि अभिमन्यु सिंह और ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि राकेश सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने आशीर्वाद का दीया जलाया। इस दौरान अजगरा का पौराणिक सरोवर करीब 5100 दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।
कार्यक्रम के तहत जिले के प्रमुख धार्मिक,सार्वजनिक और विकास स्थलों पर भी विशेष दीप प्रज्वलन किया गया।इनमें मां बेल्हा देवी धाम,डॉ. सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज, अजगरा तालाब,चिलबिला रेलवे स्टेशन,मां बाराही देवी धाम, कम्पनी गार्डेन,खुयलन धाम,मानिकपुर मां गंगा घाट, बाबा घुइसरनाथ धाम तथा रामगंज नगर पंचायत कार्यालय प्रमुख रहे।