नई दिल्ली।इस बार कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से शुरू होगी।भारतीय रेलवे ने कांवड़ यात्रा के लिए कमर कस ली है।रेलवे ने स्पेशल और एक्सटेंडेड ट्रेन सर्विसेज शुरू की हैं।उसे उम्मीद है कि इस दौरान हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या में इजाफा होगा।
दिल्ली-सहारनपुर MEMU हरिद्वार तक बढ़ी
दिल्ली-सहारनपुर MEMU को 30 जुलाई से 14 अगस्त के दौरान हरिद्वार तक बढ़ाया जाएगा।यह ट्रेन सर्विस दिल्ली से शाम 4:15 बजे चलेगी और रात 8:50 बजे सहारनपुर पहुंचेगी और 20 मिनट रुकने के बाद हरिद्वार के लिए रवाना होगी। हरिद्वार रात 10:50 बजे पहुंचेगी। वापसी की यात्रा हरिद्वार से रात 2 बजे शुरू होगी और सुबह 8:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
दिल्ली-शामली DEMU को हरिद्वार तक बढ़ाया गया
दिल्ली-शामली DEMU को भी इसी अवधि के लिए हरिद्वार तक बढ़ाया गया है।यह शामली,थाना भवन,रामपुर मनिहारन और टपरी होते हुए जाएगी और वापसी की यात्रा में ज्वालापुर और रुड़की होते हुए इन्हीं स्टेशनों से होकर वापस आएगी।
कांवड़ यात्रियों के लिए दो स्पेशल ट्रेनों का ऐलान
उत्तर रेलवे इस सीजन के लिए दो स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। हरिद्वार-दिल्ली शाहदरा सर्विस 30 जुलाई से 13 अगस्त तक और योगनगरी ऋषिकेश-दिल्ली शाहदरा सर्विस 30 जुलाई से 14 अगस्त तक चलेगी। इन दोनों को खास तौर पर कांवड़ यात्रा के मुख्य दिनों में यात्रियों की यात्रा को आसान बनाने के लिए शुरू किया गया है।
सड़क परिवहन के इंतजाम भी टाइट
रेलवे के साथ हरियाणा रोडवेज बल्लभगढ़ से हरिद्वार के लिए रोजाना दो बसें चला रहा है। यात्रा के मुख्य समय के करीब यात्रियों की संख्या बढ़ने पर और सर्विस जोड़ने की योजना है।
ट्रैफिक पाबंदियों की घोषणा
उत्तर भारत के राज्यों ने भी तीर्थयात्रियों की आवाजाही को मैनेज करने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन और हाईवे बंद करने की घोषणा की है। गाजियाबाद में 29 जुलाई से 12 अगस्त तक भारी गाड़ियों पर रोक रहेगी। दिल्ली-हरिद्वार हाईवे 4 से 12 अगस्त तक सभी गाड़ियों के लिए बंद रहेगा। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का यूपी वाला हिस्सा 7 से 12 अगस्त तक बंद रहेगा और मिर्जापुर में 28 अगस्त तक भारी गाड़ियों पर पाबंदियां लागू रहेंगी।