नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के नोएडा में आज सोमवार को कई जगहों पर फैक्ट्री और कंपनी के कर्मचारी सड़कों पर उतर कर वाहनों का चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने हिंसक रवैया अपनाते हुए कई वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की है।नोएडा में हिंसक प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है।राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि वेतन संशोधन की अपनी लंबे समय से लंबित मांग को लेकर विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के श्रमिक बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए और प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी की गई।
आगजनी,तोड़फोड़ और पत्थरव
हालांकि विरोध प्रदर्शन हिंसा में बदल गया और नोएडा के फेज-2 और सेक्टर 60 इलाकों से आगजनी,तोड़फोड़ और पत्थरव की घटनाएं सामने आईं। पुलिस सूत्रों के अनुसार हिंसा फैलने से रोकने के लिए नोएडा से दिल्ली को जोड़ने वाले विभिन्न हिस्सों में सभी सड़कों पर कई टीम तैनात की गई हैं।
यूपी से आने वाले वाहनों की हो रही जांच
इसमें खासकर उत्तर प्रदेश के साथ प्रमुख सीमावर्ती बिंदुओं पर भी टीम तैनात है। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि कड़ी निगरानी रखी जा रही है। वाहनों की गहन जांच की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी असामाजिक तत्व विरोध प्रदर्शन की आड़ में राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश न कर सके।
पर्याप्त संख्या में तैनात की गयी पुलिस फोर्स
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा,दिल्ली पुलिस पूरी तरह सतर्क और चौकस है। सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त बल तैनात किया गया है और किसी को भी कानून-व्यवस्था भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
चौकियों पर लगाए गए बैरीकेड
पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रमुख सीमा चौकियों पर बैरीकेड लगा दिए गए हैं। किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल, अर्धसैनिक बलों सहित अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया गया है।
हालातों पर नजर रखे है दिल्ली पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वे स्थिति पर नजर रख रहे हैं। उत्तर प्रदेश के अपने समकक्षों के संपर्क में हैं। राजधानी दिल्ली में प्रवेश करने वाली विभिन्न सड़कों पर हजारों यात्री यातायात बाधित होने से लंबे जाम में फंस गए।