दिल्ली में 8 अप्रैल को इन रास्तों पर जाने से बचें,आईपीएल मैच को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
दिल्ली में 8 अप्रैल को इन रास्तों पर जाने से बचें,आईपीएल मैच को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

06 Apr 2026 |   14



 

नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 8 अप्रैल को इंडियन प्रीमियर लीग का मैच होने जा रहा है। दिल्ली कैपिटल्स की टीम गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी।मैच शाम 7 बजे से रात 10:30 बजे तक खेला जाएगा।मैच को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक.....

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक मैच वाले दिन दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक अरुण जेटली स्टेडियम के आसपास मुख्य सड़कों पर भारी भीड़ और जाम की आशंका है,जिससे बहादुर शाह जफर मार्ग,जेएलएन मार्ग और असफ अली रोड पर ट्रैफिक सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकता है।

इन रास्तों पर रहेगी रोक

बहादुर शाह ज़फर मार्ग और जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर कुछ जगहों पर हैवी और कमर्शियल वाहनों (ट्रक, बस, बड़े वाहन) का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।इन मार्गो पर पार्किंग पर भी रोक हो सकती है,ऐसे में आम लोगों को भी इन सड़कों का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।

फ्री पार्किंग और शटल बस की व्यवस्था

अरुण जेटली स्टेडियम के पास सामान्य पार्किंग की सुविधा सीमित रहेगी।ट्रैफिक पुलिस ने लोगों की सुविधा के लिए फ्री पार्किंग और पार्क एंड राइड की व्यवस्था की है। स्टेडियम आने वाले दर्शकों को पार्क एंड राइड की सुविधा का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।लोग अपनी गाड़ी माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड,वेलोड्रोम रोड पर पार्क कर सकते हैं।यहां से बस या अन्य साधनों से स्टेडियम पहुंचा जा सकेगा।मैच शुरू होने से दो घंटे पहले और मैच खत्म होने के एक घंटे बाद तक इन जगहों से शटल बसें चलाई जाएंगी।दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा पहले से ही प्लान कर लें।

स्टेडियम में प्रवेश और पार्किंग

स्टेडियम में दर्शकों के प्रवेश के लिए अलग-अलग गेट बनाए गए हैं।लोग दक्षिण,पूर्व और पश्चिम दिशा से बहादुर शाह जफर मार्ग और जेएलएन मार्ग के रास्ते स्टेडियम पहुंच सकेंगे। स्टेडियम के पास पार्किंग बहुत सीमित रहेगी।केवल लेबल वाले वाहनों को ही पार्किंग की इजाजत होगी।

More news