दिल्ली में गहराया जल संकट,हरियाणा से पानी की कमी से परेशान लोग
दिल्ली में गहराया जल संकट,हरियाणा से पानी की कमी से परेशान लोग

26 May 2026 |   39



 

नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान बढ़ने के साथ ही जल संकट भी गहरा रहा है।बीते कई दिनों से हरियाणा से कम पानी मिल रहा है,जिससे यमुना में वजीराबाद बैराज के पास बने जलाशय का जलस्तर नीचे है।इस जलाशय से वजीराबाद और चंद्रावल जल शोधन संयंत्र को कच्चा पानी मिलता है।

यमुना का जलस्तर नीचे गिरने से वजीराबाद और चंद्रावल दोनों संयंत्र क्षमता के मुताबिक नहीं चल रहे हैं।इससे उत्तर दिल्ली,उत्तर पश्चिमी दिल्ली और मध्य दिल्ली के कई क्षेत्रों में पानी आपूर्ति प्रभावित हुई है। कई स्थानों पर एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति बाधित है। दक्षिणी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली के कई क्षेत्रों में भी लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है।कम समय के लिए पानी आपूर्ति की जा रही है।कई स्थानों पर गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है।वहीं समस्या दूर करने के दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बात की है।

पानी न मिलने से नाराज लोग इंटरनेट मीडिया पर नाराजगी जताने के साथ ही सड़क पर उतरने लगे हैं।नाराज लोगों ने ग्रेटर कैलाश स्थित दिल्ली जल बोर्ड के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कुछ समय के लिए बीआरटी रोड को भी जाम किया।नाराज लोगों का कहना है कि कई दिनों से पानी की समस्या है।टैंकर भी नहीं आ रहा है।शिकायत करने पर कोई सुनवाई नहीं होती है।

माडल टाउन के अक्षय मलिक का कहना है कि उनके यहां चार दिनों से पानी नहीं आया है। जल बोर्ड के अधिकारी इस संबंध कोई संतोषजनक जवाब नहीं देते हैं।शकूरबस्ती, कामजलिस पार्क,आदर्श नगर के सागर,मुंडका विधानसभा क्षेत्र के रानी खेड़ा और रसूलपुर गांव के लोगों का कहना है कि उनके क्षेत्र में दो दिनों से पानी नहीं पहुंचा है। मधु विहार के लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से सिर्फ 10 मिनट के लिए पानी आ रहा है।

तिमारपुर विधानसभा के विजय नगर के उत्कर्ष चौधरी का कहना है कि पानी आपूर्ति नहीं होने से इस क्षेत्र में किराये पर रहने वाले छात्र परेशान हैं।सुल्तानपुरी-माजरा के वार्ड नंबर 42,नबी करीम,मोतिया खान,मलकागंज,बलजीत नगर, आनंद पर्वत,राजेंद्र नगर,चावड़ी बाजार,बीआर कैंप,संजय गांधी कैंप समेत अन्य इलाके केलोग भी पानी के लिए परेशान हैं।

जल बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि वजीराबाद और चंद्रावल डब्ल्यूटीपी को पूरी क्षमता से चलाने के लिए वजीराबाद जलाशय का जलस्तर 674.5 फीट आवश्यक है,लेकिन पिछले एक सप्ताह से यह कम है। मंगलवार को जलस्तर 669 फीट के आसपास है। इससे वजीराबाद से 25 प्रतिशत और चंद्रावल से 10 प्रतिशत तक पानी की आपूर्ति कम हो गई है।

बता दें कि वजीराबाद की क्षमता 134 और चंद्रावल 98 मिलियन गैलन प्रति दिन पानी मिलता है।अभी हरियाणा से लगभग 535 मिलियन गैलन पानी मिल रहा है।रेखा गुप्ता सरकार लगभग 50 एमजीडी और पानी के लिए हरियाणा सरकार से बात कर रही है।मुनक नहर का भी कुछ पानी वजीराबाद की ओर मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है,जिससे कि दोनों संयंत्रों को क्षमता के अनुसार चलाया जा सके।

जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि राजधानी में पानी की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। इसे लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हरियाणा के मुख्यमंत्री से बात की है। शीघ्र पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। सभी को पर्याप्त मात्रा में पानी मिल सके इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

More news