काम कर ग‌ई पीएम मोदी की अपील,बदला खरीदारों का मूड,सोने की बिक्री में 70 फीसदी की भारी गिरावट
काम कर ग‌ई पीएम मोदी की अपील,बदला खरीदारों का मूड,सोने की बिक्री में 70 फीसदी की भारी गिरावट

30 May 2026 |   29



 

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने सोने के आयात को कम करने के लिए हाल में इंपोर्ट ड्यूटी में भारी इजाफा किया था।इससे देश में सोने की बिक्री में भारी गिरावट आई है।बता दें कि अमेरिका और ईरान के जंग से बिगड़े हालात के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम जनता से सोने की खरीदारी को एक साल तक टालने की अपील की थी,इसके बाद से ही सरकार ने इंपोर्ट ड्यूटी को बढ़ाने का फैसला लिया।

क्या कहते हैं आंकड़े

आंकड़े बता रहे हैं कि 13 मई के बाद भारत में सोने की डिमांड में लगभग 70 फीसदी की गिरावट आई है।इंडस्ट्री के अनुमानों के मुताबिक 27 मई को खत्म हुए पखवाड़े में सोने की मांग गिरकर लगभग 7.5 टन रह गई,जबकि एक साल पहले यह लगभग 25 टन थी।दरअसल केंद्र सरकार ने 13 मई से सोने पर आयात शुल्क को 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया था।

आईबीजेए के राष्ट्रीय सचिव ने ये कहा

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र मेहता ने कहा कि पूरे भारत के जौहरियों से मिल रही रिपोर्टों से पता चलता है कि आयात शुल्क बढ़ाए जाने के बाद सोने की मांग में 70 फीसदी की गिरावट आई है।मेहता ने कहा कि असंगठित व्यापार इस शुल्क बढ़ोतरी से सबसे ज़्यादा प्रभावित हुआ है।बता दें कि इसका सोने के कुल व्यापार में 65 फीसदी हिस्सा है।मेहता ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की ज्यादा कीमतें और खाने-पीने की चीजों के महंगे होने का भी ग्राहकों के मूड पर असर पड़ रहा है,क्योंकि वे अभी सोने पर खर्च करने को तैयार नहीं हैं।

पीएम मोदी की अपील का असर

गोल्ड जूलरी रिटेल चेन जॉयलुक्कास के चेयरमैन जॉय अलुक्कास का कहना है कि सोने की मांग में कमी के पीछे कई कारण हैं।उन्होंने कहा कि केवल इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने के कारण ही सोने की डिमांड प्रभावित नहीं हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोना खरीदने से एक साल तक परहेज करने की अपील का भी असर पड़ा है।जॉयलुक्कास में डिमांड में 35 फीसदी से ज्यादा गिरावट आई है। अभी यह साफ नहीं है कि इसमें आगे और गिरावट आएगी या नहीं।

बता दें कि ड्यूटी बढ़ने के बाद सोने पर लगने वाला प्रभावी टैक्स का बोझ 9.18 फीसदी से बढ़कर 18.45 फीसदी हो गयी है।केंद्र सरकार ने कमजोर रुपये,कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और भू-राजनीतिक तनाव के चलते ड्यूटी बढ़ाई है। इसके साथ ही आयात के नियमों को भी सख्त किया है और एडवांस ऑथराइजेशन स्कीम के तहत ड्यूटी-फ्री आयात की सीमा तय कर दी है।भारत दुनिया में सोने का दूसरा बड़ा उपभोक्ता है,लेकिन पिछले दो हफ्तों में सोने की डिमांड में भारी गिरावट देखने को मिली है। इसके कई कारण हैं। सरकार ने 13 मई को सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी में भारी बढ़ोतरी की थी।

More news