पुलिस को चकमा देने का अजब तरीका,दिल्ली में ऊंटों से शराब तस्करी का हुआ भंडाफोड़
पुलिस को चकमा देने का अजब तरीका,दिल्ली में ऊंटों से शराब तस्करी का हुआ भंडाफोड़

30 Mar 2026 |   12



 

नई दिल्ली।दिल्ली पुलिस ने ऊंटों से हरियाणा से दिल्ली में शराब की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है।यह गिरोह सड़कों पर पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए ऊंटों से जंगल के रास्तों का इस्तेमाल कर रहा था।गुप्त सूचना के आधार पर दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने संगम विहार के वन क्षेत्र में जाल बिछाकर ऊंटों के साथ गिरोह को पकड़ा है।पुलिस ने 39 कार्टन अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने ऊंटों को पशु संरक्षण विभाग को सौंप दिया है।

एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि गिरोह ऊंटों का इस्तेमाल कर हरियाणा से जंगल के रास्ते दक्षिण दिल्ली में शराब की तस्करी करता था।गिरोह का सरगना पकड़ा गया है। आरोपी की पहचान विनोद भड़ाना (48) के रूप में हुई है। विनोद भड़ाना हरियाणा के फरीदाबाद का रहने वाला है।

अधिकारी ने बताया कि दिल्ली और फरीदाबाद को जोड़ने वाली सड़कों पर जांच स्थलों से बचने के लिए यह गिरोह ऊंटों का इस्तेमाल शराब तस्करी के लिए करता था।पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि एक गिरोह ऊंटों पर शराब लादकर दिल्ली में इसकी तस्करी कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने टीमें बनाईं और सूचना के आधार पर सोमवार को तड़के जाल बिछाया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि टीम ने गिरोह के सरगना को संगम विहार वन क्षेत्र से पकड़ लिया।आरोपी को दो ऊंटों का इस्तेमाल कर अवैध शराब की ढुलाई कर रहा था। पुलिस ने अवैध शराब के 39 कार्टन बरामद किए हैं।ऊंटों को मुक्त करा लिया गया और संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी भड़ाना ने खुलासा किया कि राजमार्ग और सीमावर्ती क्षेत्रों में कड़ी जांच के कारण पारंपरिक तस्करी मार्ग तेजी से जोखिम भरे थे।इस वजह से पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए इस तरीके का इस्तेमाल किया जा रहा था।आरोपी नेब सराय थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत दर्ज एक मामले में शामिल रहा है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने के लिए टीमें काम कर रही हैं।

More news