पाकिस्तान से जुड़े हथियार तस्करी गिरोह के दो और सदस्य गिरफ्तार,एयरपोर्ट से क्राइम ब्रांच ने दबोचा
पाकिस्तान से जुड़े हथियार तस्करी गिरोह के दो और सदस्य गिरफ्तार,एयरपोर्ट से क्राइम ब्रांच ने दबोचा

06 Apr 2026 |   11



 

 

नई दिल्ली।दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ट्रांसनेशनल हथियार तस्कर मामले में दो और तस्कर इमरान और मोहम्मद कामरान को गिरफ्तार किया है।दोनों हथियार तस्कर के बारे में इनपुट मिला था कि ये दोनों देश छोड़कर भागने वाले है, इनकी एलओसी खुलवाई गई थी,इन्हें दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया।इनके पास से एक सफेद रंग की स्विफ्ट गाड़ी बरामद हुई,जिसमें आगे के दोनों गेट के नीचे कैवेटी बनाकर हथियार छिपाए जाते थे। इनके पास से दो विदेशी पिस्टल इन्हीं कैवेटी से बरामद हुए हैं। 

बता दें कि दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कुछ समय पहले इस गैंग के 10 लोगों को गिरफ्तार किया था,जिनके पास से अलग-अलग देशों की निर्मित हथियार और सेमी मशीनगन बरामद हुई थी।ये सब शहबाज अंसारी के इशारे पर नेपाल के रास्ते भारत में हथियार सप्लाई करवाया करते थे। शहबाज हथियार सप्लायर है, जो बांग्लादेश में है।

क्राइम ब्रांच ने किया खुलासा

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने पाकिस्तान,नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया,जो दिल्ली से ऑपरेट हो रहा था।अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह के 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 21 हाई क्वालिटी के विदेशी हथियार बरामद हुए हैं, जिनमें सब-मशीन गन और सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल, 200 जिंदा कारतूस शामिल हैं।इनके पास से अत्याधुनिक सब-मशीन गन (चेक गणराज्य निर्मित) और कई विदेशी पिस्टल बरामद हुई हैं। हथियार पाकिस्तान से भारत में इंडो-नेपाल सीमा के माध्यम से तस्करी कर दिल्ली-एनसीआर और अन्य राज्यों के आपराधिक गिरोहों को सप्लाई किए जाते थे।

पुरानी दिल्ली में एक्टिव था गैंग

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एआरएससी टीम ने 10 कुख्यात हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है।यह गिरोह दिल्ली के जामा मस्जिद (पुरानी दिल्ली/वॉल्ड सिटी) में एक्टिव था और संगठित अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क चला रहा था।ये एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप, VoIP कॉल और बार-बार सिम कार्ड बदलकर संपर्क में रहते थे और लेनदेन हवाला के माध्यम से किया जाता था। तकनीकी निगरानी,मानव खुफिया और लोकल सूत्रों के माध्यम से इस नेटवर्क की पहचान की गई। कॉल डिटेल रिकॉर्ड,लोकेशन ट्रैकिंग और इलेक्ट्रॉनिक इनपुट्स के आधार पर संदिग्धों की एक्टिविटी पर फोकस किया गया। जांच के दौरान पता चला कि इस मॉड्यूल का मुख्य सरगना शाहबाज अंसारी है, जो उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का निवासी है और पाकिस्तान से हथियार मंगवाकर नेपाल सीमा के रास्ते भारत में तस्करी करता था।

ऐसे हुआ खुलासा

13-14 मार्च की रात दरियागंज में नेताजी सुभाष मार्ग पर जाल बिछाया गया।सबसे पहले इस इलाके से राहिल,हाशिम और सईम नाम के तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 3 पिस्टल और 14 कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ के बाद सोनू गुप्ता को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 5 विदेशी पिस्टल और 95 कारतूस बरामद हुए।

17 मार्च को घनश्याम शर्मा उर्फ घनी गिरफ्तार, 2 पिस्टल व 16 कारतूस बरामद किए गए।

19 मार्च को वसीम मलिक गिरफ्तार, 3 पिस्टल व 27 कारतूस बरामद किए गए।

20 मार्च को निशांत अरोड़ा व नवाब गिरफ्तार, 4 पिस्टल व 21 कारतूस बरामद किए गए।

23 मार्च को मोहम्मद नौमान (फर्जी सिम कार्ड सप्लायर) गिरफ्तार किया गया।

24 मार्च को मोहम्मद नौशाद गिरफ्तार, 1 सब-मशीन गन और पिस्टल सहित कारतूस बरामद किया गया। नोशाद कुख्यात हथियार सप्लायर है और लॉरेन्स समेत कई गैंग्स को हथियार सप्लाई किया करता है। नौशाद की गिरफ्तारी के दौरान उसने पुलिस पर हथियार तानकर भागने की कोशिश की, लेकिन उसे काबू किया। 

ऐसे होती थी हथियारों की तस्करी

पाकिस्तान से हथियार मध्य-पूर्व भेजे जाते थे।वहां से पार्ट्स नेपाल भेजकर फिर से असेंबल किए जाते थे। इसके बाद नेपाल सीमा से भारत में तस्करी की जाती थी। अलग-अलग राज्यों में प्राइवेट गाड़ियों के जरिए सप्लाई होती थी।गैंगस्टर्स गिरोहों,सुपारी किलर्स को हथियार उपलब्ध कराए जाते थे। एन्क्रिप्टेड ऐप्स और फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल किया जाता था। सबसे पहले मार्च के पहले हफ्ते में इन हथियारों को पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब बॉर्डर के जरिए मंगाया जाना था,लेकिन ये प्लान फेल होने के बाद पाकिस्तान से नेपाल फिर भारत में इन हथियारों को मंगाया गया। जांच में सामने आया है कि ये लोग लॉरेन्स गैंग के सम्पर्क में थे और लॉरेन्स के शूटर्स को हथियार सप्लाई करते थे। 

बांग्लादेश में छिपा है शहबाज

शहबाज अंसारी फिलहाल बांग्लादेश में छिपा है।शहबाज वही है,जिसने पंजाबी सिंगर सिद्दूमुसेवाला के शूटर्स को हथियार मुहैया करवाए थे और इसके बाद एनआईए ने शहबाज की गिरफ्तारी की थी।जमानत पर बाहर आने के बाद शहबाज बांग्लादेश फरार हो गया है, जिसको वापिस लाने की कोशिश की जा रही है।

More news