राजस्थान के शाही शहर में शाही अंदाज में आईपीएस केके बिश्नोई और आईपीएस अंशिका वर्मा की हुई शादी,अजीत भवन में सजी रॉयल वेडिंग
राजस्थान के शाही शहर में शाही अंदाज में आईपीएस केके बिश्नोई और आईपीएस अंशिका वर्मा की हुई शादी,अजीत भवन में सजी रॉयल वेडिंग

30 Mar 2026 |   25




 

जोधपुर।राजस्थान का शाही शहर जोधपुर रविवार को एक बार फिर ऐसी शादी की गवाह बना,जिसकी चर्चा सिर्फ मेहमानों तक सीमित नहीं रही,बल्कि सोशल मीडिया पर भी छा गई है।उत्तर प्रदेश कैडर के चर्चित आईपीएस अधिकारी संभल एसपी केके बिश्नोई और बरेली की एएसपी आईपीएस अंशिका वर्मा शाही अंदाज में विवाह बंधन में बंध गए।ऐतिहासिक अजीत भवन में आयोजित इस भव्य समारोह में परंपरा और आधुनिकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।शादी में परिवारजन,करीबी रिश्तेदारों के साथ कई गणमान्य अतिथि भी शामिल हुए,जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ गई।

बाड़मेर से शाही अंदाज में निकली बारात

विवाह समारोह की शुरुआत बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना स्थित केके बिश्नोई के पैतृक निवास से हुई।यहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बारात को रवाना किया गया।बारात में शामिल लोगों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर नृत्य किया और पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। दूल्हे के रूप में केके बिश्नोई का शाही लुक आकर्षण का केंद्र रहा। केके बिश्नोई ने पारंपरिक परिधान के साथ काला चश्मा और हाथ में तलवार लेकर रॉयल अंदाज में एंट्री की,जिसे देखने के लिए लोग उत्साहित नजर आए।

अजीत भवन में हुआ भव्य स्वागत

बारात के जोधपुर पहुंचने पर ऐतिहासिक अजीत भवन में भव्य स्वागत किया गया।पूरे परिसर को पारंपरिक राजस्थानी साज-सज्जा, रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया था। आयोजन स्थल की भव्यता और सजावट ने मेहमानों को राजसी माहौल का अनुभव कराया। इससे पहले सर्किट हाउस, जोधपुर में भी बारातियों ने जमकर नृत्य कर माहौल को जीवंत बनाए रखा।

परंपरा और संस्कृति का दिखा संगम

विवाह समारोह के दौरान राजस्थानी रीति-रिवाजों का पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ पालन किया गया।फेरे,वरमाला और अन्य रस्में पारंपरिक विधि-विधान से संपन्न हुईं।शादी में मौजूद मेहमानों ने इस सांस्कृतिक झलक का भरपूर आनंद लिया। महिलाओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में रंग भर दिया।

मेहमानों के लिए खास इंतजाम

इस भव्य आयोजन में मेहमानों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। राजस्थानी व्यंजनों की विस्तृत श्रृंखला ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। दाल-बाटी-चूरमा से लेकर अन्य पारंपरिक पकवानों तक, हर व्यंजन में राजस्थान की झलक दिखाई दी। मेहमानों की सुविधा और आतिथ्य का खास ध्यान रखा गया, जिससे समारोह और भी यादगार बन गया।

सोशल मीडिया पर छाई शाही शादी

आईपीएस केके बिश्नोई और आईपीएस अंशिका वर्मा की यह शादी सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा का विषय बन गई। जैसे ही समारोह की तस्वीरें और वीडियो सामने आए, वे वायरल हो गए। लोग इस जोड़ी को पावर कपल के रूप में देख रहे हैं और उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।

चर्चा में रहा रॉयल वेडिंग स्टाइल

इस शादी की खास बात इसका रॉयल अंदाज और पारंपरिक संस्कृति का संतुलन रहा। जहां एक ओर आधुनिक सजावट और व्यवस्थाएं नजर आईं, वहीं दूसरी ओर हर रस्म में राजस्थानी परंपराओं को पूरी तरह निभाया गया। यही वजह रही कि यह शादी सिर्फ एक निजी समारोह न रहकर एक यादगार सामाजिक आयोजन बन गई।

मेहंदी और संगीत में दिखी मस्ती

शादी से पहले आयोजित मेहंदी और संगीत कार्यक्रम भी उतने ही खास रहे।केके बिश्नोई आमतौर पर एक सख्त छवि वाले अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं,यहां बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आए।उनके हाथों में मेहंदी रची और वे संगीत की धुन पर परिवार और दोस्तों के साथ जमकर झूमते दिखे। 27 मार्च को आयोजित हल्दी और संगीत समारोह में दोनों परिवारों ने मिलकर जमकर जश्न मनाया।डीजे की धुन,पारंपरिक गीत और नृत्य ने माहौल को पूरी तरह रंगीन बना दिया,हर कोई इस खुशी के मौके को खुलकर जीता नजर आया।

फिल्मी अंदाज में रिंग सेरेमनी

इस शादी की एक और खास बात रही रिंग सेरेमनी,जिसमें पूरा माहौल फिल्मी हो गया।केके बिश्नोई ने प्यार का सिग्नल और चल प्यार करेगी जैसे गानों पर शानदार डांस किया।केके बिश्नोई ने अंशिका वर्मा को गोद में उठाकर सबको सरप्राइज भी दिया,जिसे देखकर मेहमानों ने खूब तालियां बजाईं।यह पल शादी का सबसे चर्चित हिस्सा बन गया और इसके वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए।इस जोड़ी की केमिस्ट्री और सहजता ने लोगों का दिल जीत लिया।शादी के दौरान एक भावुक पल तब देखने को मिला,जब केके बिश्नोई ने अपने पिता सुजाना राम बिश्नोई के साथ पापा कहते हैं गाने पर डांस किया,इस दौरान पिता-पुत्र के बीच का प्यार और सम्मान साफ झलक रहा था,वहां मौजूद कई लोग इस पल को देखकर भावुक हो गए।

सोशल मीडिया पर छाई शादी

इस पूरी शादी के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।खासकर जयमाला,डांस और बारात के वीडियो लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं।इंस्टाग्राम,फेसबुक और यूट्यूब पर लोग इस शादी को लेकर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं।लोगों का कहना है कि यह शादी सिर्फ एक औपचारिक आयोजन नहीं,बल्कि खुशियों और यादगार पलों का खूबसूरत संगम है।जयमाला का मजेदार अंदाज तो लोगों के बीच खास चर्चा का विषय बन गया है।

आज होगा भव्य रिसेप्शन

शादी के बाद आज जोधपुर के लारिया रिसॉर्ट में भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा।इसमें प्रशासनिक सेवा के कई वरिष्ठ अधिकारी,राजनेता और अन्य प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।उम्मीद की जा रही है कि यह रिसेप्शन भी उतना ही शानदार होगा,जितनी शादी की बाकी रस्में रही हैं।कुल मिलाकर,केके बिश्नोई और अंशिका वर्मा की यह शादी परंपरा,आधुनिकता और उत्साह का ऐसा संगम बन गई है, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

More news